तस्वीर में बाएं से दीया कुमारी, अंशु और सोमेन्द्र हर्ष जयपुर में रिफ 2027 पोस्टर जारी करते हुए।

जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर के 300 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू हो गई है। राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ 2027) के 13वें संस्करण को जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष के विशेष अवसर से जोड़ते हुए इसकी थीम घोषित की गई है। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन तथा कला एवं संस्कृति मंत्री दीया कुमारी ने सोमवार को रिफ 2027 के आधिकारिक पोस्टर और थीम एग्जीबिशन पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान उन्हें पांच दिवसीय फिल्म महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण भी दिया गया।

रिफ 2027 का आयोजन 6 से 10 जनवरी 2027 तक जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में होगा। इस अवसर पर रिफ फिल्म क्लब एवं राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक और फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेन्द्र हर्ष तथा अंशु हर्ष मौजूद रहे।

रिफ 2027 की मुख्य थीम "JAIPUR @ 300 – THREE CENTURIES, ONE CITY, INFINITE STORIES" रखी गई है। यह थीम जयपुर शहर की स्थापना के 300 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर को समर्पित है। इसके माध्यम से शहर की समृद्ध विरासत, स्थापत्य कला, संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन और बदलते आधुनिक स्वरूप को सिनेमा एवं दृश्य कलाओं के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।

इस थीम के तहत विशेष थीम एग्जीबिशन भी आयोजित होगी। इसमें जयपुर के 300 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, कला, संस्कृति, वास्तुकला, विरासत और शहर से जुड़ी अनगिनत कहानियों को रचनात्मक माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य जयपुर की ऐतिहासिक पहचान को देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों, सिनेमा प्रेमियों और पर्यटकों तक पहुंचाना है।

रिफ के संस्थापक एवं फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेन्द्र हर्ष ने बताया कि राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल पिछले 13 वर्षों से प्रदेश में फिल्म संस्कृति, स्वतंत्र सिनेमा, क्षेत्रीय फिल्मों, कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस महोत्सव के माध्यम से देश-विदेश के फिल्मकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, कलाकारों और सिनेमा से जुड़े विशेषज्ञों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष को ध्यान में रखते हुए रिफ 2027 की थीम निर्धारित की गई है, ताकि राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और जयपुर की ऐतिहासिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के मंच पर विशेष स्थान मिल सके।

पांच दिवसीय रिफ 2027 में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन फिल्म और AI फिल्मों सहित विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही सेमिनार, वर्कशॉप, नॉलेज सीरीज, फिल्म बाजार, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फिल्म जगत से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी आयोजित होंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 10 जनवरी 2027 को भव्य RIFF अवॉर्ड समारोह होगा।

फिल्मों के सबमिशन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। देश-विदेश के फिल्मकार अपनी फिल्मों का ऑनलाइन पंजीकरण रिफ की आधिकारिक वेबसाइट www.riffjaipur.org के माध्यम से कर सकते हैं।

रिफ 2027 का उद्देश्य जयपुर के 300 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को सिनेमा के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने के साथ राजस्थान को फिल्म निर्माण, फिल्म पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। दीया कुमारी द्वारा पोस्टर विमोचन और मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रण के साथ महोत्सव की तैयारियों को औपचारिक गति मिल गई है।

Tags: