उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
| अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और भगवान बिरसा मुंडा के राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर अपर महाप्रबंधक आलोक मिश्रा ने दीप जलाया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रहित में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प व्यक्त किया।
15 नवंबर को अवकाश होने के कारण कार्यक्रम का आयोजन 16 नवंबर को किया गया। प्रधान कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित समारोह का शुभारंभ उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री आलोक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर तथा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री आलोक मिश्रा ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अत्यंत विषम परिस्थितियों के बावजूद लोगों को संगठित कर अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक परिस्थितियों और चुनौतियों से ऊपर उठकर देश की स्वतंत्रता तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की।
श्री मिश्रा ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का मुख्य उद्देश्य उनके त्याग, बलिदान और उत्कृष्ट कार्यों का स्मरण करना है। साथ ही, उनके आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर परिवार और समाज को प्रेरित करना भी ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम में ऑल इंडिया रेलवे एससी/एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी श्री बी.एल. बैरवा एवं श्री टीकाराम मीना, उत्तर पश्चिम रेलवे एम्पलाईज यूनियन के पदाधिकारी श्री राजीव सारण तथा उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारी श्री महेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और राष्ट्रहित में उनके द्वारा किए गए योगदान को याद किया।
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान का स्मरण किया गया।