कन्डेरा प्रीमियर लीग (KPL) का खिताब जयपुर टाइटंस के नाम, फाइनल में K.K. वॉरियर्स को 6 विकेट से हराया
सिरसी रोड स्थित सूरज मल क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित एक दिवसीय टूर्नामेंट के समापन पर आयोजकों ने केपीएल सीजन-2 कराने की घोषणा भी की।
जयपुर में केपीएल फाइनल जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते जयपुर टाइटंस के खिलाड़ी और अतिथिगण।
जयपुर। कन्डेरा प्रीमियर लीग (KPL) के रोमांचक फाइनल मुकाबले में जयपुर टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए K.K. वॉरियर्स को 6 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। सूरज मल क्रिकेट ग्राउंड, सिरसी रोड, जयपुर में आयोजित एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में चार टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल जीतने के बाद जयपुर टाइटंस के कप्तान अमित कन्डेरा ने विजय ट्रॉफी उठाई और पूरी टीम ने जीत का जश्न मनाया।
टूर्नामेंट में सांगानेर वॉरियर्स, जयपुर टाइटंस, K.K. वॉरियर्स और बिंदायका टाइगर्स की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में जयपुर टाइटंस ने सांगानेर वॉरियर्स को 77 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे मुकाबले में K.K. वॉरियर्स ने बिंदायका टाइगर्स को 13 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद खिताबी मुकाबले में जयपुर टाइटंस और K.K. वॉरियर्स आमने-सामने हुईं। जयपुर टाइटंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए K.K. वॉरियर्स को 6 विकेट से शिकस्त दी और कन्डेरा प्रीमियर लीग की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम के कप्तान अमित कन्डेरा ने विजय ट्रॉफी उठाकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान पूरी टीम ने उत्साह के साथ सेलिब्रेशन किया।
कार्यक्रम में कन्डेरा समाज समिति भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश चंद्र कन्डेरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र जी अग्रवाल एवं सुमित्रा जी अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। विशिष्ट आमंत्रित अतिथियों में राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष प्रभु नारायण जी कंडेरा, महिला मोर्चा राजस्थान की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शारदा देवी कंडेरा और जयपुर जिला अध्यक्ष मामराज कंडेरा शामिल रहे।
क्रिकेट प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजक राजस्थान युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र कन्डेरा ने सभी टीमों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी टूर्नामेंट के रूप में K.P.L. सीजन-2 आयोजित करने की भी घोषणा की। इस घोषणा के साथ प्रतियोगिता के अगले संस्करण को लेकर भी आयोजन की तैयारियों का रास्ता खुल गया है।