भारतीय महिला लैक्रोस टीम ने जीता कांस्य पदक, राज्यपाल ने दी बधाई
| कुआलालंपुर में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशियाई चैंपियनशिप में देश के जनजातीय खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बढ़ाया मान।
जयपुर, 16 नवंबर। मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशियाई लैक्रोस चैंपियनशिप-2026 में भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। टीम की इस उपलब्धि पर राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल श्री बागडे ने भारतीय महिला टीम में शामिल राजस्थान सहित देश के विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहनीय बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा देश गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि जनजातीय युवाओं की प्रतिभा, लगन और परिश्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का मान बढ़ाया है।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने लैक्रोस खेल से जुड़ी जनजातीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। इसी क्रम में उन्होंने लोकभवन में इस खेल से जुड़ी आदिवासी बालिकाओं के साथ संवाद किया और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ ही निरंतर प्रोत्साहित भी किया है।
दक्षिण-पूर्व एशियाई लैक्रोस चैंपियनशिप-2026 में भारतीय महिला टीम की कांस्य पदक जीत ने जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। राज्यपाल ने इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनकी सफलता को देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।