पावरग्रिड जयपुर में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान का हुआ शुभारंभ
कार्यपालक निदेशक अभिनव वर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों ने ली शपथ, 2 अक्टूबर तक आयोजित होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम।
तस्वीर में जयपुर स्थित पावरग्रिड कार्यालय में स्वच्छता शपथ लेते अधिकारी और कर्मचारी दिख रहे हैं।
जयपुर, 17 सितम्बर 2026। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के शुभारंभ के अवसर पर पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड), विद्युत मंत्रालय के तहत एक महारत्न सीपीएसई के उत्तर पश्चिमी क्षेत्रीय मुख्यालय, जयपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यपालक निदेशक (उत्तर पश्चिमी क्षेत्र) श्री अभिनव वर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता शपथ ली।
इस अवसर पर श्री अभिनव वर्मा ने स्वच्छता को जन-जन का अभियान बनाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति सामूहिक दायित्व भी है।
‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत- विकसित भारत’ थीम पर आयोजित यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान पावरग्रिड की विभिन्न इकाइयों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान, जनभागीदारी आधारित गतिविधियां तथा स्वच्छता संवर्धन के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
पावरग्रिड राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए विश्वस्तरीय विद्युत ट्रांसमिशन अवसंरचना के विकास एवं प्रचालन के माध्यम से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है तथा ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।