तस्वीर में एडीजी रूपिन्दर सिंघ अधिकारियों के साथ शमशी प्रशिक्षण केंद्र में मौजूद हैं।

जयपुर, 17 सितम्बर। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, आर्म्ड बटालियन्स एवं एसडीआरएफ, राजस्थान, जयपुर श्री रूपिन्दर सिंघ ने 16 एवं 17 सितम्बर, 2026 को हिमाचल प्रदेश के शमशी स्थित अतिरिक्त प्रशिक्षण केन्द्र, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में आर्म्ड बटालियन्स के 472 रिक्रूट कांस्टेबलों (RTS) को दिए जा रहे प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं और गुणवत्ता का जायजा लिया।

श्री सिंघ ने विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण केन्द्र के क्वार्टर गार्ड का दौरा कर गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इसके बाद केन्द्र के अधिकारियों के साथ बैठक में रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण, अनुशासन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के दौरान आयोजित सैनिक सम्मेलन में श्री सिंघ ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों को संबोधित किया। उन्होंने जवानों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जवानों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनके प्रशिक्षण एवं दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

श्री सिंघ ने प्रशिक्षण केन्द्र की बैरकों एवं मैस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय एवं भोजन संबंधी सुविधाओं की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। जवानों के कल्याण और सुविधाओं को लेकर उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए।

दो दिवसीय दौरे में श्री सिंघ ने राजस्थान के आर्म्ड बटालियन्स के 472 रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण, अनुशासन, रहन-सहन एवं कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं का व्यापक अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ जवानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।