उत्तर पश्चिम रेलवे: ZRTI उदयपुर में CBT लैब और डिजिटल स्टूडियो का हुआ उद्घाटन
क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर में अत्याधुनिक 100 कंप्यूटर वाली CBT लैब और डिजिटल स्टूडियो शुरू होने से रेलकर्मियों को आधुनिक प्रशिक्षण मिलेगा।
तस्वीर में महाप्रबंधक पंकज शर्मा अन्य रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने आज क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर का निरीक्षण किया। संस्थान पहुंचने पर प्राचार्य श्री जय प्रकाश ने पौधा भेंट कर महाप्रबंधक का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान श्री पंकज शर्मा ने संस्थान में स्थापित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) लैब का शुभारंभ किया।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संस्थान में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 100 कंप्यूटरों वाली कंप्यूटर बेस्ड ट्रेनिंग (CBT) लैब स्थापित की गई है। यह भारतीय रेलवे के क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थानों में पहली कंप्यूटर आधारित लैब है, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के माध्यम से किया जाएगा। लैब के शुभारंभ के बाद महाप्रबंधक ने वहां आयोजित ऑनलाइन परीक्षा का जायजा लिया और इसकी सराहना की।
इसके बाद महाप्रबंधक ने संस्थान के विभिन्न मॉडल कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां उपलब्ध प्रशिक्षण संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संस्थान के सभागार में उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद भी किया। इस दौरान प्रशिक्षण संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के अनुभव और विचार जाने। उन्होंने प्रशिक्षण को रेलवे की कार्यप्रणाली, संरक्षा और कार्यकुशलता से जोड़ते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया। साथ ही, तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं की महत्ता पर बल दिया।
इसके बाद श्री पंकज शर्मा ने संस्थान परिसर में स्थापित LHB कोच मॉडल का निरीक्षण किया और उसमें उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। तत्पश्चात उन्होंने संस्थान की कंटेंट क्रिएशन लैब (डिजिटल स्टूडियो) का उद्घाटन किया।
संस्थान के प्राचार्य श्री जय प्रकाश ने बताया कि कंटेंट क्रिएशन लैब (डिजिटल स्टूडियो) के माध्यम से आधुनिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने तथा प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। इस लैब के माध्यम से भारत सरकार के आई.गोट (i-Got) प्लेटफॉर्म के साथ-साथ संस्थान द्वारा निर्मित लर्निंग मेनेजमेंट सिस्टम (LMS) के लिए भी विभिन्न पाठ्यक्रमों की पठन सामग्री विकसित की जा सकेगी, जिससे भारतीय रेलवे के विभिन्न कर्मचारियों को अपना विवेक एवं कौशल विकास सहायता मिलेगी।
इसके बाद महाप्रबंधक ने संस्थान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संस्थान के अधिकारियों के साथ प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री मदन राम देवड़ा, मंडल रेल प्रबंधक, अजमेर श्री राजू भूतड़ा तथा मुख्यालय एवं मंडल से आए अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान की अर्धवार्षिक साहित्यिक पत्रिका रेल प्रभा का विमोचन भी किया। उन्होंने संस्थान द्वारा प्रशिक्षण गतिविधियों के साथ-साथ साहित्यिक एवं राजभाषा गतिविधियों को प्रोत्साहित किए जाने की सराहना की।
महाप्रबंधक के दौरा कार्यक्रम के अंतिम चरण में संस्थान के उद्यान में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के महत्व का संदेश दिया। क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर में शुरू की गई आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं तकनीकी, व्यावहारिक और डिजिटल प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में निरीक्षण कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र रहीं।