जयपुर में पंचायती राज चुनाव के लिए पदों का आरक्षण 23-24 सितंबर को
जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायतों में अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी व महिलाओं के लिए लॉटरी प्रक्रिया से होगा श्रेणीवार आवंटन।
जयपुर जिले में पंचायती राज आम चुनाव की तैयारियों के तहत पंचायती राज संस्थाओं के पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 23 और 24 सितंबर 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए आरक्षण का निर्धारण लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद के सदस्यों, जयपुर जिले की समस्त पंचायत समितियों के प्रधान एवं पंचायत समितियों के सदस्यों के पदों के आरक्षण का निर्धारण एवं आवंटन 23 सितंबर 2026 को किया जाएगा। यह प्रक्रिया जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार, कलेक्ट्रेट जयपुर में प्रातः 10.15 बजे आयोजित होगी।
इसी प्रकार जयपुर जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंचों के पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 को संबंधित उपखण्ड अधिकारी मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी।
जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने सभी संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सरपंच एवं वार्ड पंच के पदों के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाने वाले पदों का निर्धारण सुनिश्चित किया जाए।
पंचायती राज आम चुनाव के तहत 23 सितंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के पदों और 24 सितंबर को ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंचों के पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी।