झुंझुनूं (संजय सैनी)। जिले में सोमवार को नगर निकायों के सभापति एवं अध्यक्ष पद का निर्वाचन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। नगर निकाय स्तर पर हुई मतदान प्रक्रिया में एक-दो को छोड़कर सभी पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतगणना हुई और विजयी उम्मीदवारों को रिटर्निंग अधिकारियों ने जीत के प्रमाण पत्र प्रदान किए। जिले के परिणामों में कांग्रेस का दबदबा रहा। तीन स्थानों पर लॉटरी से परिणाम निकला, जबकि चार निकायों में उम्मीदवारों को एक-एक मत से जीत मिली।

झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस के अब्दुल्ला अगवान को 35 और भाजपा के मनु धनकड़ को 25 मत मिले। अब्दुल्ला अगवान 10 मतों से विजयी घोषित हुए।

चिड़ावा नगर पालिका में कांग्रेस की सुमित्रा सैनी को 26 और भाजपा के सुरेश कुमार को 19 मत मिले। सुमित्रा सैनी ने 7 मतों से जीत हासिल की। नवलगढ़ नगर पालिका में चेयरमैन रहे रिछपाल सिंगोदिया की धर्मपत्नी माया सैनी को कांग्रेस की ओर से 26 और भाजपा की उषा देवी को 19 मत मिले। माया सैनी 7 मतों से विजयी हुईं।

उदयपुरवाटी नगर पालिका में भाजपा की अनुराधा सैनी को 18 और कांग्रेस के रूडमल सैनी को 17 मत मिले। कड़े मुकाबले में अनुराधा सैनी एक मत से जीतीं। मुकुंदगढ़ नगर पालिका में कांग्रेस के सत्यनारायण सैनी को 15 और भाजपा के अजय को 10 मत मिले। यहां सत्यनारायण सैनी 5 मतों से विजयी हुए।

पहली बार नगर पालिका बनी डूंडलोद में भाजपा के सचिन सैनी को 11 और कांग्रेस के मनफूल सिंह पूनिया को 9 मत मिले। यहां युवा नेता सचिन सैनी को 2 मतों से जीत मिली।

बगड़ नगर पालिका में कांग्रेस के राकेश कुमार शर्मा और भाजपा के गोविंद सिंह को 10-10 मत मिले। बराबरी के बाद परिणाम लॉटरी से निकाला गया, जिसमें राकेश कुमार शर्मा विजयी हुए।

सिंघाना नगर पालिका में कांग्रेस की पिंकी सैनी को 19 और भाजपा की रेणु देवी को 16 मत मिले। पहली शहरी बनी सरकार में कांग्रेस ने 3 मतों से जीत दर्ज की।

मंडावा नगर पालिका में कांग्रेस के सज्जन लाल मिश्रा को 17 और भाजपा के विजेंद्र सैनी को 8 मत मिले। कांग्रेस के सज्जन लाल मिश्रा 9 मतों से विजयी हुए।

मलसीसर नगर पालिका में भाजपा के पवन कुमार और कांग्रेस के प्रवीण को 10-10 मत मिले। यहां भी परिणाम लॉटरी से निकाला गया, जिसमें भाजपा के पवन कुमार विजयी हुए।

विद्या विहार पिलानी में भाजपा के सिकंदर को 13 और निर्दलीय प्रदीप कुमार झाझड़िया को 12 मत मिले। बुहाना नगर पालिका में भाजपा की मंजू बाला और कांग्रेस के सुधीर राज्ञे को 10-10 मत मिले। बराबरी के बाद लॉटरी से परिणाम निकाला गया, जिसमें भाजपा की मंजू बाला विजयी रहीं।

बिसाऊ नगर पालिका में कांग्रेस की सलमा को 13 और भाजपा की सोनम देवी को 12 मत मिले। पिलानी नगर पालिका में भाजपा के नगेंद्र कुमार को 18 और निर्दलीय धर्मेंद्र नेहरा को 17 मत मिले।

जाखल में भाजपा के भगवान सिंह को 15 और कांग्रेस की निर्मला देवी को 5 मत मिले। मंड्रेला नगर पालिका में कांग्रेस की प्रवीण को 16 और निर्दलीय रतनी देवी को 9 मत मिले। सुल्तान नगर पालिका में कांग्रेस की सोनिया को 17 और भाजपा की पूजा शर्मा को 8 मत मिले।

सूरजगढ़ नगर पालिका में निर्दलीय नरेंद्र सिंह को 14 और भाजपा के रुकमानंद सैनी को 10 मत मिले। खेतड़ी नगर पालिका से भाजपा की गीता सैनी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो चुकी हैं।

इस तरह झुंझुनूं जिले के नगर निकायों में सभापति एवं अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हुई। परिणामों में कई निकायों में करीबी मुकाबले देखने को मिले, जबकि बगड़, मलसीसर और बुहाना में बराबर मत आने के बाद लॉटरी के जरिए विजेता तय किया गया।

Tags: