उत्तर पश्चिम रेलवे में "स्वच्छता ही सेवा" अभियान 2026 की शुरुआत
महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, 2 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रमों से यात्रियों और कर्मचारियों को किया जाएगा जागरूक।
तस्वीर में उत्तर पश्चिम रेलवे कार्यालय जयपुर में पोडियम पर खड़े अधिकारी शपथ दिलवा रहे हैं।
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर गुरुवार, 17 सितम्बर 2026 को “स्वच्छता ही सेवा” अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने प्रधान कार्यालय, जयपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक कार्य और जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों को बेहतर एवं स्वच्छ यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक सहभागिता और जन-जागरूकता को और अधिक बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों, कारखानों, स्टेशनों, अधीनस्थ कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों एवं रेल परिसरों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 17–18 सितम्बर को “स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता”, 19–20 सितम्बर को स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (CTUs) एवं Garbage Vulnerable Points का रूपांतरण, 21–22 सितम्बर को “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक” कार्यक्रम होंगे।
इसी क्रम में 23–24 सितम्बर को जनभागीदारी Advocacy – SWM Rules 2026, कचरे का पृथक्करण, कम्पोस्टिंग तथा “Say No to Plastics” से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 25–26 सितम्बर को “स्पोर्ट्स फॉर स्वच्छता” एवं पोस्ट-इवेंट क्लीनलिनेस, 27 सितम्बर को “क्लीन टूरिस्ट एवं हेरिटेज रेलवे साइट्स” और 28–29 सितम्बर को “स्वच्छता से समृद्धि” कार्यक्रम आयोजित होंगे।
30 सितम्बर को “सफाई मित्र सुरक्षा सेवा एवं सम्मान शिविर”, 1 अक्टूबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” तथा 2 अक्टूबर को “स्वच्छ भारत दिवस” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वच्छता को जनभागीदारी का स्थायी स्वरूप प्रदान करना है। उत्तर पश्चिम रेलवे स्वच्छता को यात्री सेवा और बेहतर रेलवे कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधाजनक रेल परिसरों के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।