उत्तर पश्चिम रेलवे: मदार-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन का रोहतक तक हुआ विस्तार
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 09639/09640 का 15 जुलाई तक अस्थायी विस्तार किया है, जो 21 स्टेशनों पर रुकेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा मदार–रेवाड़ी–मदार स्पेशल रेलसेवा का अस्थायी विस्तार करते हुए इसे रोहतक तक संचालित किया जाएगा। यह व्यवस्था दिनांक 03.07.26 से 15.07.26 तक प्रभावी रहेगी। इस संबंध में उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने जानकारी दी कि इस अवधि में गाड़ी संख्या 09639, मदार–रोहतक स्पेशल रेलसेवा प्रतिदिन मदार से सुबह 04.30 बजे प्रस्थान करेगी। यह रेलगाड़ी रेवाड़ी स्टेशन पर 10.30 बजे आगमन कर 10.50 बजे प्रस्थान करेगी तथा दोपहर 12.50 बजे रोहतक पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09640, रोहतक–मदार स्पेशल रेलसेवा दिनांक 03.07.26 से 15.07.26 तक प्रतिदिन रोहतक से 13.20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रेवाड़ी स्टेशन पर 15.20 बजे आगमन कर 15.30 बजे प्रस्थान करेगी तथा रात्रि 22.35 बजे मदार पहुंचेगी। मार्ग में यह रेलसेवा किशनगढ़, नरैना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भागेगा, नीमकाथाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुण्ड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, पाल्हावास, झज्जर एवं अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त रेलसेवा का दिनांक 03.07.26 से 15.07.26 तक रोहतक तक विस्तार किया जा रहा है, जिसके पश्चात दिनांक 16.07.26 से 31.07.26 तक यह रेलसेवा पुनः मदार–रेवाड़ी–मदार के मध्य ही पूर्ववत संचालित होगी। इस अस्थायी विस्तार से क्षेत्रीय यात्रियों को आवागमन में अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी तथा रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।