ग्रामीण सेवा शिविर (फॉलोअप) में 40 साल पुरानी विद्यालय भूमि समस्या का समाधान, 316.95 वर्ग गज का निःशुल्क पट्टा जारी
जयपुर के ग्रामीण सेवा शिविर (फॉलोअप) 2026 में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नटलालपुरा की 40 वर्ष पुरानी भूमि समस्या का समाधान हुआ। जानिए कैसे जारी हुआ निःशुल्क पट्टा।
तस्वीर में ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान निमेड़ा ग्राम पंचायत में अधिकारी और ग्रामीण राजकीय प्राथमिक विद्यालय नटलालपुरा का भूमि पट्टा दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
ग्रामीण सेवा शिविर (फॉलोअप) 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत निमेड़ा, पंचायत समिति झोटवाड़ा, तहसील कालवाड़ में आयोजित शिविर के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय नटलालपुरा की लगभग 40 वर्ष पुरानी भूमि संबंधी समस्या का समाधान कर दिया गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद विद्यालय के नाम 316.95 वर्ग गज भूमि का निःशुल्क पट्टा जारी किया गया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय नटलालपुरा के प्रधानाध्यापक अनुप चौहान ने बताया कि विद्यालय की भूमि का पट्टा जारी नहीं होने के कारण लंबे समय से विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की स्वीकृतियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण सेवा शिविर (फॉलोअप) के दौरान आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर ग्राम पंचायत एवं प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय के नाम भूमि का निःशुल्क पट्टा जारी कर दिया।
भूमि का पट्टा जारी होने के बाद अब विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विकास, निर्माण कार्यों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में भी सुविधा मिलेगी।
प्रधानाध्यापक अनुप चौहान ने इस जनहितकारी पहल के लिए राजस्थान सरकार, माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, ग्राम पंचायत निमेड़ा, प्रशासनिक अधिकारियों तथा ग्रामीण सेवा शिविर से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।