महावीर नगर जैन मंदिर में कल मनेगा भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक, चढ़ेगा निर्वाण लड्डू
महावीर नगर जैन मंदिर में 19 अगस्त को मोक्ष सप्तमी पर भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। 108 कलशों से अभिषेक, निर्वाण लड्डू अर्पण, महाआरती और कल्याण मंदिर स्तोत्र अनुष्ठान होंगे।
राजस्थान लाइव चक्रेश जैन। श्री दिगम्बर जैन मंदिर महावीर नगर प्रबन्ध समिति के तत्वावधान में बुधवार, 19 अगस्त को मोक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव भक्ति-भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी और रिद्धि-सिद्धि मंत्रों के साथ 108 कलशों से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। भगवान पार्श्वनाथ को निर्वाण लड्डू भी अर्पित किया जाएगा।
समिति के मंत्री सुनील बज ने बताया कि प्रातःकाल से ही धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला शुरू हो जाएगी। श्रद्धालु प्रभु भक्ति में लीन होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। रात्रि में 108 दीपकों से भगवान की आरती की जाएगी तथा रिद्धि-सिद्धि मंत्रों के साथ 44 दीप प्रज्वलित कर कल्याण मंदिर स्तोत्र अनुष्ठान किया जाएगा।
दिनभर के धार्मिक कार्यक्रमों के तहत प्रातः 6:00 बजे पार्श्वनाथ भगवान की वेदी में भव्य अभिषेक होगा। इसके बाद प्रातः 6:15 बजे शांतिनाथ भगवान की वेदी में अभिषेक किया जाएगा। प्रातः 6:30 बजे से रिद्धि मंत्रों के साथ 108 कलशों द्वारा भगवान पार्श्वनाथ का वृहद अभिषेक एवं शांतिधारा होगी।
प्रातः 7:15 बजे संगीतमय पार्श्वनाथ विधान का आयोजन होगा। प्रातः 8:15 बजे शांतिनाथ भगवान की वेदी में निर्वाण लड्डू समर्पित किया जाएगा। वहीं प्रातः 9:00 बजे पार्श्वनाथ भगवान की वेदी में मुख्य निर्वाण लड्डू अर्पित किया जाएगा।
सायं 7:00 बजे दोनों वेदियों में महाआरती होगी। इसके बाद रात्रि 7:15 बजे से 44 रिद्धि मंत्रों के साथ दीप प्रज्वलन कर कल्याण मंदिर स्तोत्र अनुष्ठान किया जाएगा। मोक्ष सप्तमी के अवसर पर आयोजित होने वाले इन धार्मिक अनुष्ठानों में भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा।