तस्वीर में जयपुर के पहाड़गंज स्थित स्कूल में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यक्रम संयोजक नायाब खान, हाजी हसीन अहमद और अन्य लोग नजर आ रहे हैं।

जयपुर में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 19 अगस्त से विभिन्न कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा, जिसका समापन 26 अगस्त को जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी के साथ होगा। इस दौरान शहरभर में कई धार्मिक आयोजन होंगे और 26 अगस्त को बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल होंगे।

कार्यक्रमों की जानकारी पहाड़गंज स्थित हीरा इंग्लिश मीडियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कार्यक्रम संयोजक नायाब खान एवं हाजी हसीन अहमद ने दी। उन्होंने बताया कि हजरत मुहम्मद सल्ललाहुअलैहि वसल्लम की जिंदगी से लोगों को अवगत कराने के उद्देश्य से 1501वां जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी उत्साह एवं उमंग के साथ बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है।

वाहिद मेमोरियल वेलफेयर एंड रिलीफ सोसायटी व सुन्नी दावते इस्लामी जयपुर की ओर से 19 अगस्त बुधवार को रात 8:30 बजे रामगंज चौपड़ पर मिलाद कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। इसमें खानकाह-ए-बरकातिया माहरेहरा से सैय्यद अमान मियां बरकाती साहब, सैय्यद अमीनुल कादरी साहब निगरां सुन्नी दावत-ए-इस्लामी, मालेगांव से मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब निगरां सुन्नी दावत-ए-इस्लामी जयपुर तथा शहर के औलमा और इस्लामी स्कॉलर्स मौजूद रहेंगे।

इसके बाद 22 अगस्त शनिवार को ऑल इंडिया नातिया मुशायरा आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुफ्ती-ए-शहर जयपुर मुफ्ती अब्दुस्सत्तार रजवी साहब की सरपरस्ती और सुन्नी दावते इस्लामी के संरक्षक मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब के सानिध्य में होगा। इसमें शहर के उलेमा, जिम्मेदार हजरात एवं वरिष्ठजन मौजूद रहेंगे।

नातिया मुशायरे में ऑल इंडिया शायर मतीन सासारामी, जौहर कानपुरी, सतलज राहत इंदौरी, वासिफ फारूकी, रामप्रकाश बेखुद, फैज खुमार, काविश रूदोलवी और शिबली रोहतासवी सहित अन्य शायर शामिल होंगे। इस दौरान शायर हजरत मुहम्मद सल्ललाहुअलैहि वसल्लम की शान में नात पाक पढ़ेंगे।

कार्यक्रम संयोजक मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब के अनुसार 25 अगस्त को रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक लोहारों का खुर्रा, घाटगेट पर आलमी मिलाद कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। इसमें मुख्य अतिथि हजरत मौलाना इम्तियाज बरकाती साहब (मुरादाबाद), हजरत मौलाना जाकिर हुसैन नईमी (मुरादाबाद), आले रसूल मौलाना सैय्यद मुहम्मद कादरी साहब के साथ अन्य कई इस्लामी स्कॉलर कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।

जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का मुख्य आयोजन 26 अगस्त बुधवार को होगा। दोपहर 2 बजे मुफ्ती अब्दुस्सत्तार रजवी साहब की सरपरस्ती में घाटगेट से जुलूस-ए-ईद मिलादुन्नबी निकलेगा। जुलूस चार दरवाजा होते हुए मौलाना जियाउद्दीन सर्किल पर जमा होगा। इसके बाद जुलूस कर्बला पहुंचेगा, जहां यह विशाल सभा में परिवर्तित होगा। सलातो सलाम और दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

Tags: