खाटूश्यामजी मेला: रींगस स्टेशन पर चलेंगी 13 स्पेशल ट्रेनें
| यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 3 अतिरिक्त टिकट काउंटर और 8 एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं।
देवउठनी एकादशी मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए जनप्रतिनिधि।
खाटूश्यामजी में आयोजित होने वाले देवउठनी एकादशी मेले में श्रद्धालुओं की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रींगस रेलवे स्टेशन पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। मेले के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए रेलवे 13 स्पेशल ट्रेनों के कुल 39 ट्रिप संचालित करेगा। इन विशेष ट्रेनों से श्रद्धालुओं को रींगस से रेवाड़ी, जयपुर, फुलेरा एवं दिल्ली की ओर यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
मेले के दौरान यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रींगस रेलवे स्टेशन पर 03 अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन पर 08 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVMs) भी उपलब्ध कराई गई हैं। टिकट काउंटरों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों को अतिरिक्त मोबाइल यूटीएस (M-UTS) टिकट मशीनों के माध्यम से भी टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्टेशन पर अतिरिक्त वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की तैनाती भी की है। इससे मेले के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।
स्टेशन परिसर और यात्रियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पूरे मेला अवधि में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी। इसके लिए वार रूम के साथ मुख्यालय स्तर पर भी यात्री सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
रेलवे प्रशासन ने देवउठनी एकादशी मेले के दौरान रींगस स्टेशन पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। रेलवे ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करने तथा स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।