मेज पर कतार में रखे गए विभिन्न कंपनियों के बरामद 25 चोरी के स्मार्टफोन दिख रहे हैं।   

अजमेर स्थित विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में जियारत के लिए आने वाले जायरीनों को निशाना बनाकर जेबतराशी और मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का अजमेर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 25 कीमती एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि और पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर शहर में चोरी, नकबजनी और लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड तथा दरगाह वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी दिनेश कुमार जीवनानी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने गिरोह का पता लगाने के लिए दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सहायता से फुटेज का विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही मुखबिरों और होटल संचालकों से संपर्क कर संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। लगातार गश्त, निगरानी और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को जायरीनों की जेबतराशी कर मोबाइल फोन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का सुराग मिला।

इसके बाद पुलिस ने मंगलवार 17 नवंबर को कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दरगाह शरीफ में जायरीनों की जेबतराशी कर चुराए गए 25 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में थाना दरगाह में मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाना दरगाह क्षेत्र निवासी मोहम्मद आमिर (20) पुत्र मोहम्मद सलीम, मोहम्मद ग्यासुदीन (20) पुत्र मोहम्मद जाहिद, फरदीन खान (21) पुत्र मोहम्मद फरजान, शेख फरहान आलम (23) पुत्र मुख्तार शेख और मोहम्मद शाहिद (21) पुत्र मोहम्मद शरीफ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। मोहम्मद आमिर के खिलाफ चोरी और संगठित अपराध से जुड़े 03 प्रकरण दर्ज हैं। मोहम्मद ग्यासुद्दीन पर चोरी और संगठित अपराध के 02 मामले दर्ज हैं। फरदीन खान के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज है, जिसमें बाल न्यायालय उसे अर्थदंड से दंडित कर चुका है।

वहीं, शेख फरहान आलम के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम के लगभग एक दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में उसे सजा भी हो चुकी है। मोहम्मद शाहिद के खिलाफ चोरी और संगठित अपराध से जुड़े 03 मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों, चोरी किए गए मोबाइल फोन बेचने के ठिकानों और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस को आरोपियों से और मोबाइल फोन बरामद होने की संभावना है। गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दरगाह क्षेत्र में जायरीनों को निशाना बनाकर की जा रही मोबाइल चोरी की वारदातों के खुलासे के साथ पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और चोरी के मोबाइल फोन के नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी है।

Tags: