ग्रीन पीपल सोसायटी के तत्वावधान में 16 और 17 नवंबर को रणथंभौर बाघ परियोजना के दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर गए जयपुर के विद्याश्रम स्कूल के 36 विद्यार्थी व शिक्षक।

जयपुर के विद्याश्रम स्कूल के 36 विद्यार्थियों ने रणथंभौर के जंगलों में बाघों सहित कई वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में करीब से देखने का अनुभव प्राप्त किया। ग्रीन पीपल सोसायटी के जयपुर चैप्टर की ओर से 16 एवं 17 नवंबर को रणथंभौर बाघ परियोजना का दो दिवसीय वन्यजीव शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जंगल की जैव विविधता को समझने के साथ वन्यजीव संरक्षण के महत्व की जानकारी भी प्राप्त की।

ग्रीन पीपल सोसायटी के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस विक्रम सिंह ने बताया कि विद्यालय की श्रीमती सुमन सिंह एवं स्मिता शेखावत के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों को रणथंभौर के जंगलों में बाघ, भालू (रीछ), मगरमच्छ, चीतल, सांभर, जंगली सुअर और नेवले सहित अनेक वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में देखने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने जंगल में वन्यजीवों की स्वाभाविक गतिविधियों और उनकी अठखेलियों को करीब से देखा। विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अनुभव भी भ्रमण का विशेष आकर्षण रहा।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान फील्ड बायोलॉजिस्ट मोहम्मद मैराज ने विशेष प्रस्तुतीकरण के जरिए विद्यार्थियों को वन्यजीवों और पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनके प्राकृतिक आवास, भोजन, जीवन चक्र, आबादी तथा संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने वन्यजीवों के पारिस्थितिक महत्व को समझाते हुए उनके संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में भी बताया।

रणथंभौर के जंगलों का भ्रमण करने के बाद विद्यार्थियों ने राजीव गांधी नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम का अवलोकन किया। यहां उन्हें प्रकृति, जैव विविधता और वन्यजीवों की दुनिया को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

इस शैक्षणिक कार्यक्रम में वन विभाग के वन्यजीव प्रभाग, सवाई माधोपुर के फील्ड डायरेक्टर श्री एस.पी. सिंह का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। दोनों दिन आयोजित भ्रमण कार्यक्रम में ममता साहू ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

विक्रम सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे प्रकृति के बीच ले जाकर जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना था। इस दो दिवसीय भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में समझने और संरक्षण के प्रति अपनी भूमिका जानने का अवसर मिला।

Tags: