जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित जयपुर डिजाइन फेस्टिवल के दूसरे दिन 'पिंक नॉइज' के तहत 'आब' की संगीतमय काव्य प्रस्तुति देते कलाकार।

जयपुर, 17 नवंबर। जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष को समर्पित तीन दिवसीय जयपुर डिजाइन फेस्टिवल (जेडीएफ) के दूसरे दिन मंगलवार को शिल्प, संस्कृति और शहर की पहचान से जुड़े विषयों पर रचनात्मक संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जवाहर कला केंद्र में आयोजित फेस्टिवल के दूसरे दिन की थीम 'क्राफ्ट, कल्चर एंड द सिटी' रही। दिनभर चली कार्यशालाओं, विशेषज्ञों के संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में डिजाइन के विभिन्न आयामों के साथ जयपुर की पारंपरिक विरासत और शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

दूसरे दिन की शुरुआत चार अलग-अलग विषयों पर आधारित कार्यशालाओं से हुई। फानी टेटाली ने 'कैरेक्टर डिजाइन एंड स्टोरीटेलिंग' कार्यशाला में किरदारों की रचना और कहानी कहने की कला की बारीकियों से प्रतिभागियों को परिचित कराया। जिनान के.बी. की कार्यशाला 'व्हाट चिल्ड्रन कैन टीच अस अबाउट लर्निंग, मेकिंग एंड नोइंग' में बच्चों की सहज रचनात्मकता और सीखने की प्रक्रिया को समझने पर जोर दिया गया। दोपहर के सत्र में नीरज शाह ने 'द आहा मोमेंट' के माध्यम से नए विचारों और रचनात्मक सोच के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। वहीं, सना सोनी की 'स्टोरीज इन थ्रेड' कार्यशाला में धागों और वस्त्र कला के जरिए अभिव्यक्ति के अलग-अलग रूपों को समझाया गया।

शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 'पिंक नॉइज' के तहत आयोजित 'आब' की संगीतमय काव्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इसमें रोहित सिंह की कविताओं के साथ गौरव भटनागर और गौतम गुप्ता की संगीत रचनाओं ने साहित्य और संगीत का संगम प्रस्तुत किया। इसके बाद 'जल जंगल जमीन' की प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। समूह ने राजस्थानी संगीत के साथ आधुनिक फ्यूजन का समावेश करते हुए प्रस्तुति दी।

फेस्टिवल के दौरान आयोजित 'क्राफ्टिंग आइडेंटिटी' फोरम में जयपुर की शिल्प परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और कारीगर समुदायों को सशक्त बनाने के मुद्दों पर चर्चा हुई। नीरज शाह के संचालन में आयोजित इस सत्र में ममता मंसिंगका, गीतांजलि कासलीवाल, मीरा गोराडिया, ईश्वर सिंह और चंद्रशेखर भेड़ा ने अपने विचार साझा किए। चर्चा में पारंपरिक शिल्प को आधुनिक पहचान देने और कारीगर समुदायों को वैश्विक स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ।

ममता मंसिंगका ने पारंपरिक शिल्प को वैश्विक बाजार से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। गीतांजलि कासलीवाल ने शिल्प के पीछे जुड़े समुदायों की पहचान को महत्वपूर्ण बताया, जबकि मीरा गोराडिया ने कारीगरों के पारंपरिक ज्ञान के अधिकार का मुद्दा उठाया। 15वीं पीढ़ी के कुम्हार ईश्वर सिंह प्रजापति ने शिल्प को जीवन और परंपरा का हिस्सा बताया। वहीं, चंद्रशेखर भेड़ा ने भारतीय शिल्प के समन्वय के माध्यम से जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाने की बात कही।

दूसरी ओर, 'द सिटी वी मेक' फोरम में जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष के संदर्भ में शहर के भविष्य और बेहतर शहरी नियोजन पर चर्चा की गई। इस सत्र में नरेश नरसिम्हन, मनीषा शर्मा, गगन शर्मा और कविता जैन ने अपने विचार रखे। नरेश वी. नरसिम्हन ने सार्वजनिक स्थानों के विकास और जयपुर में डिजाइन सेंटर स्थापित करने का सुझाव दिया। सत्र का संचालन प्रीति अग्रवाल ने किया।

मनीषा शर्मा ने जयपुर की पारंपरिक जल प्रबंधन व्यवस्था और घटते जल स्रोतों पर चिंता जताई। आर्किटेक्ट गगन शर्मा ने स्थानीय शिल्प और सामग्री को आधुनिक वास्तुकला से जोड़ने की आवश्यकता बताई। वहीं, कविता जैन ने महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय की नगर नियोजन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए सामुदायिक जीवन को शहर की असली पहचान बताया।

जयपुर डिजाइन फेस्टिवल के दूसरे दिन की गतिविधियों में शिल्प परंपरा के संरक्षण, कारीगर समुदायों के अधिकार, सांस्कृतिक पहचान, जल प्रबंधन और शहरी नियोजन जैसे विषय प्रमुखता से सामने आए। कार्यशालाओं, विशेषज्ञों की चर्चाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए फेस्टिवल ने जयपुर की विरासत और भविष्य के शहर की रूपरेखा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को मंच प्रदान किया।

Tags: