तस्वीर में पर्यटन आयुक्त श्रीमती रुक्मणि रियाड़ जोधपुर में आयोजित मारवाड़ ट्रेवल मार्ट के मंच पर बोलती हुई नजर आ रही हैं.   

जोधपुर, 20 सितम्बर। मारवाड़-थार क्षेत्र की समृद्ध विरासत, संस्कृति, लोक परंपराओं और पर्यटन की विविध संभावनाओं को देश के पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से पहले मारवाड़ ट्रेवल मार्ट (एमटीएम) का रविवार को जोधपुर स्थित उम्मेद भवन पैलेस में आगाज हुआ। राजस्थान पर्यटन विभाग, फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों की सहभागिता से आयोजित इस मार्ट में देशभर से पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

मार्ट का उद्देश्य मारवाड़-थार क्षेत्र को हेरिटेज, डेस्टिनेशन वेडिंग, सांस्कृतिक एवं अनुभवात्मक पर्यटन, डेजर्ट एडवेंचर, लग्जरी हॉस्पिटैलिटी और ग्रामीण पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में देश के पर्यटन बाजार में अधिक मजबूती से स्थापित करना है। आयोजन में टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायी, डेस्टिनेशन वेडिंग प्लानर्स, इवेंट क्यूरेटर्स, ट्रैवल राइटर्स, ब्लॉगर, इन्फ्लुएंसर्स तथा पर्यटन क्षेत्र के अन्य हितधारकों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर जोधपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य एवं एफएचटीआर के मुख्य संरक्षक गज सिंह द्वितीय ने मारवाड़ ट्रेवल मार्ट के आयोजन के लिए राजस्थान पर्यटन विभाग और एफएचटीआर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मारवाड़ की सदियों पुरानी आतिथ्य सत्कार की परंपरा रही है। क्षेत्र के हेरिटेज होटल्स ने इतिहास, हस्तशिल्प, लोक कला, लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

गज सिंह द्वितीय ने कहा कि मारवाड़ ट्रेवल मार्ट ऐसा मंच बन सकता है, जहां पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारक एक साथ आकर न केवल मारवाड़, बल्कि पूरे राजस्थान के पर्यटन को आगे बढ़ाने के लिए नए अवसरों और संभावनाओं पर काम कर सकें।

पर्यटन आयुक्त श्रीमती रुक्मणि रियाड़ ने एफएचटीआर और आयोजन से जुड़े सभी पर्यटन हितधारकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री श्रीमती दिया कुमारी के दिशा-निर्देशन में राजस्थान पर्यटन को नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पर्यटन विभाग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के पर्यटन विजन के अनुरूप पर्यटन को आर्थिक विकास, रोजगार और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मारवाड़ ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजन पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों को संवाद, नेटवर्किंग और व्यावसायिक साझेदारी के लिए मंच उपलब्ध कराते हैं। मारवाड़-थार क्षेत्र की विशिष्ट पर्यटन संभावनाओं को देश के पर्यटन बाजार तक पहुंचाने में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

एफएचटीआर के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि राजस्थान की आतिथ्य परंपरा और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य और देश के हित को सर्वोपरि रखते हुए पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने पर्यटन उद्योग के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विचार व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि मारवाड़ ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजन पर्यटन के विभिन्न आयामों को नए स्वरूप में प्रस्तुत करने तथा पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों के बीच संवाद और कारोबारी संभावनाओं को बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर जोधपुर के होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष जे.बी. बूब ने कहा कि एमटीएम जैसे आयोजन स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देते हुए राजस्थान में घरेलू व विदेशी पर्यटकों की यात्राओं को बढ़ावा देंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित होंगे और ग्रामीण पर्यटन को संबल मिलेगा।

एफएचटीआर सेक्रेटरी जनरल श्री तरुण बंसल ने मार्ट के आयोजन में राजस्थान सरकार और पर्यटन विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार और पर्यटन विभाग के सहयोग से आरडीटीएम और अब एमटीएम जैसे आयोजन संभव हुए हैं, जिनका लाभ प्रदेश के पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न वर्गों को मिल रहा है। इस अवसर पर श्री राजेंद्र सिंह पचार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

सोमवार को जोधपुर जिला कलेक्टर श्री अलोक रंजन अमृतम में आयोजित प्रदर्शनी और बी टू बी मीटिंग्स का उद्घाटन करेंगे। मारवाड़ ट्रेवल मार्ट के जरिए मारवाड़-थार क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग के प्रतिनिधियों के बीच प्रस्तुत करने के साथ व्यावसायिक संवाद और साझेदारी के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

Tags: