तस्वीर में जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर का गर्भगृह दिख रहा है, जिसे फूलों और मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया है तथा मध्य में शिवलिंग स्थापित है।

सावन के तीसरे सोमवार को छोटी काशी का वैशाली नगर स्थित प्रसिद्ध झारखंड महादेव मंदिर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। श्रीधर्म फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित विशाल ‘शिव महाभिषेक’ कार्यक्रम में प्रातः 4 बजे से शाम 4 बजे तक सवा दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया। इस आयोजन के साथ झारखंड महादेव मंदिर में नया रिकॉर्ड बना।

महाभिषेक के लिए हरिद्वार की हर की पौड़ी से विशेष रूप से बड़े टैंकरों में पवित्र गंगाजल जयपुर लाया गया था। मंदिर प्रांगण में दिनभर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष होते रहे। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल एवं दिव्य औषधियों से देवों के देव महादेव का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक कर देश में सुख, समृद्धि और सामाजिक समरसता की प्रार्थना की।

इस दिव्य आयोजन में शासन-प्रशासन की प्रमुख हस्तियों और धर्मगुरुओं ने भी भाग लिया। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक संत बालमुकुंद आचार्य, पूर्व डीजीपी बी.एल. सोनी, सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार दिनेश शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी पंकज ओझा एवं प्रियव्रत चारण सहित अनेक गणमान्य जनों ने झारखंड महादेव का अभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत के सुपुत्र दिनेश कुमावत ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की। व्यापारिक और सामाजिक जगत से ओमप्रकाश मोदी, राधा कृष्ण कोगटा, जुगल किशोर डेरेवाला, जेडी माहेश्वरी, अविनाश खंडेलवाल, डॉ. दीपक शर्मा और पवन गोयल सहित कई प्रतिष्ठित उद्योगपति और समाजसेवी भी मौजूद रहे।

संपूर्ण कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गौ सेवक महेश दास जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

श्रीधर्म फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष गब्बर कटारा ने बताया कि इस वृहद आयोजन का मुख्य ध्येय जन-जन में सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र कल्याण की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में सवा दो लाख से अधिक शिवभक्तों द्वारा गंगाजल से अभिषेक किया जाना अपने आप में एक ऐतिहासिक क्षण है।

कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के महासचिव एम. एल. सोनी, उपाध्यक्ष के. के. जैन, आर. के. गुप्ता एवं प्रसन्नजीत मालू ने सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। सवा दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ हुआ यह शिव महाभिषेक आयोजन झारखंड महादेव मंदिर में आस्था और सनातन संस्कृति के बड़े आयोजन के रूप में दर्ज हुआ।

Tags: