जयपुर की 19 नगरीय निकायों में वार्ड आरक्षण की लॉटरी पूरी, जानिए पूरी प्रक्रिया
जयपुर जिले की एक नगर निगम, दो नगर परिषद् और 16 नगरपालिकाओं के वार्डों में आरक्षण की लॉटरी पूरी हुई। एससी, एसटी, ओबीसी और महिला वार्डों का निर्धारण नियमों के तहत पारदर्शी प्रक्रिया से किया गया।
जयपुर जिले की एक नगर निगम, दो नगर परिषद् सहित 16 नगरपालिकाओं में होने वाले चुनाव के लिए वार्डों में सीटों के निर्धारण एवं वर्गीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राजस्थान नगरपालिका निर्वाचन अधिनियम 2009 एवं नियम 1994 के प्रावधानों के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वार्ड आरक्षण की लॉटरी निकाली गई।
प्रक्रिया के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग सहित महिला वार्डों के आरक्षण का निर्धारण किया गया। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और नियमानुसार संपन्न कराई गई। आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया राजकीय विद्यालय की नन्ही छात्राओं के माध्यम से कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने बताया कि ओबीसी वर्ग के आरक्षण का निर्धारण ओबीसी आयोग के सर्वे के अनुसार तथा सरकार के निर्देशों के तहत किया गया। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आरक्षण की प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस दौरान मालवीय नगर विधायक कालीचरण सर्राफ, जमवारामगढ़ विधायक महेंद्रपाल मीणा, नगर निगम जयपुर के आयुक्त ओम कसेरा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और नगर निकायों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जयपुर जिले की 19 नगरीय निकायों के वार्डों में सीटों के निर्धारण एवं वर्गीकरण की यह प्रक्रिया आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए आरक्षण व्यवस्था तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक चरण है।