जयपुर अस्पताल में बेड पर लेटे व्यक्ति का ब्लड प्रेशर जांचते स्वास्थ्यकर्मी और पास खड़े लोग।

जयपुर में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम “One Drop of Humanity- Give Blood- Save Lives” रखी गई है।

अभियान के तहत जिला कलक्टर संदेश नायक ने किशनपोल स्थित सैटेलाइट अस्पताल में रक्तदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। इस पुण्य कार्य में किया गया योगदान किसी जरूरतमंद को जीवनदान दे सकता है। उन्होंने मानव जाति के हित में सभी से वर्ष में 2 बार अवश्य रक्तदान करने की अपील की।

जिला कलक्टर ने बताया कि ब्लॉक एवं जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य हितधारकों की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप-जिला अस्पतालों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज सम्बद्ध ब्लड सेंटर एवं अन्य ब्लड सेंटर पर रक्त समूह जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराने और नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस 1 अक्टूबर, 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों तथा ब्लड सेंटरों में उपयुक्त गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विशेष रूप से युवाओं, प्रथम बार रक्तदान करने वाले व्यक्तियों एवं सामुदायिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान संभागीय आयुक्त जयपुर वे. सरवण कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत, ऑलम्पियन गोपाल सैनी सहित अन्य चिकित्सक, मेडिकल एवं नर्सिंग स्टॉफ तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 17 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान 17 अक्टूबर तक स्वैच्छिक रक्तदान और जागरूकता गतिविधियों के जरिए नागरिकों की भागीदारी पर केंद्रित रहेगा।

Tags: