जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर बिड़ला ऑडिटोरियम में दीप प्रज्ज्वलन करते राज्यपाल हरिभाऊ बागडे।

जयपुर के 299वें स्थापना दिवस समारोह में मंगलवार को साहित्य और काव्य की विशेष छटा देखने को मिली। बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित स्थापना दिवस समारोह एवं कवि सम्मेलन संध्या का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जयपुर स्थापना दिवस की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। राज्यपाल ने कार्यक्रम के दौरान देश के ख्यातनाम कवियों की प्रस्तुतियां सुनीं। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस से सजी अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को काव्य रस से सराबोर किया।

काव्यपाठ के बाद राज्यपाल श्री बागडे ने कवियों की रचनाओं की सराहना की और सभी का अभिनंदन किया। उन्होंने जयपुर के 299वें स्थापना दिवस के अवसर पर समारोह में शामिल लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इस आयोजन की गरिमा में सहभागिता निभाई।

इससे पहले राज्यपाल के समारोह स्थल पहुंचने पर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में स्थापना दिवस के अवसर पर काव्य संध्या प्रमुख आकर्षण रही।

Tags: