गोपाष्टमी पर जयपुर में सपत्नीक गौ पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।

जयपुर। गोपाष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार, 17 नवंबर को जयपुर में विभिन्न गोशालाओं में पहुंचकर विधि-विधान से गौ माता का पूजन किया। उन्होंने सांगानेर स्थित पिंजरापोल गोशाला और जोतड़ावाला स्थित आश्रम गोशाला में सपत्नीक पूजा-अर्चना कर गौ माता को गुड़ एवं रोटी खिलाई तथा आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सबसे पहले सांगानेर स्थित पिंजरापोल गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गौ माता की पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीकृष्ण और प्रतीकात्मक गोवर्धन पर्वत का पूजन भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री जोतड़ावाला स्थित बाबा संत श्री रामकरणदास जी महाराज एवं गुरुदेव श्री संत परमसुखदास जी महाराज आश्रम गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने सपत्नीक गौ पूजन कर गौ माता को गुड़-रोटी खिलाई और आरती की।

मुख्यमंत्री ने आश्रम में उपस्थित संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और वहां आयोजित भजन-कीर्तन का श्रवण किया।

इस दौरान आमजन ने मुख्यमंत्री का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की तथा सभी को गोपाष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। गोपाष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौ पूजन और संतों के दर्शन के माध्यम से प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।

Tags: