जयपुर के राजकीय छात्रावासों में गैस्ट फैकल्टी भर्ती, गणित-विज्ञान व अंग्रेजी के लिए 31 जुलाई तक आवेदन

जयपुर के राजकीय छात्रावासों में विद्या संबल योजना के तहत गैस्ट फैकल्टी के लिए 31 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित हैं। जानिए पात्रता, विषय और आवेदन प्रक्रिया।

Update: 2026-07-28 10:55 GMT

जयपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने विद्या संबल योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए राजकीय छात्रावासों में गैस्ट फैकल्टी (अस्थायी) के पदों पर ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती कार्यालय संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जयपुर की ओर से कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के शैक्षणिक मार्गदर्शन के लिए की जा रही है।

विभाग के अनुसार राजकीय बालिका छात्रावास गांधीनगर तथा राजकीय बालक छात्रावास बगरू, आमेर, जगतपुरा, प्रताप नगर, गोनेर एवं झालाना डूंगरी, जयपुर में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए गैस्ट फैकल्टी की सेवाएं ली जाएंगी। आवेदन विशेष रूप से गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी विषयों के अध्यापन के लिए आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने ऑफलाइन आवेदन पत्र 31 जुलाई 2026 तक संबंधित ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है।

संयुक्त निदेशक बी.पी. चन्देल ने बताया कि योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों की सेवाएं विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ली जाएंगी। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। निर्धारित अवधि तक आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों का चयन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।

Tags:    

Similar News