जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर मतदान व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में 9 एवं 11 सितम्बर को होने वाले मतदान के लिए निर्धारित मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक ने राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के प्रावधानों के तहत नगर निगम, नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं के निर्वाचन के लिए चयनित मतदान केन्द्रों तथा उनमें सम्मिलित निर्वाचन क्षेत्रों की सूची प्रकाशित की है।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 दो चरणों में आयोजित होंगे। प्रथम चरण में 9 सितम्बर 2026 को नगर परिषद शाहपुरा एवं चौमूं तथा नगरपालिकाओं दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नरायना, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली एवं कालाडेरा में मतदान होगा। द्वितीय चरण में 11 सितम्बर 2026 को नगर निगम जयपुर में मतदान निर्धारित है।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) के आदेश के अनुसार प्रकाशित मतदान केन्द्रों की सूची की एक-एक प्रति संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड तथा संबंधित नगर निगम, नगर परिषद एवं नगरपालिका के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कराई जाएगी। इसके साथ ही सूची को संबंधित निकाय की वेबसाइट पर भी प्रदर्शित किया जाएगा। चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी मतदान केन्द्रों की सूची निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

मतदान केन्द्रों के अधिग्रहण को लेकर भी जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) की ओर से पृथक आदेश जारी किया गया है। नगर निगम, नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं से प्राप्त मतदान केन्द्रों की सूची एवं विवरण के आधार पर निर्विरोध चुनाव वाले मतदान केन्द्रों को छोड़कर शेष मतदान केन्द्रों का राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 76 के प्रावधानों के तहत अधिग्रहण किया गया है। यह अधिग्रहण संबंधित निकायों में निर्धारित मतदान तिथि से एक दिन पूर्व से मतदान समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।

संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों, विभागाध्यक्षों एवं संस्था प्रधानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अधिग्रहित मतदान केन्द्र परिसर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं मतदान दल अधिकारियों को सौंप दें। जिला प्रशासन ने मतदान केन्द्रों से जुड़ी व्यवस्थाओं में आवश्यक सहयोग और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को निर्देशित किया है।

प्रकाशित मतदान केन्द्रों की सूची में मतदान केन्द्रों के नाम, क्रमांक एवं संबंधित विवरण उपलब्ध कराए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार यह सूची नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान मतदान व्यवस्था के लिए आधारभूत दस्तावेज के रूप में उपयोग की जाएगी। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags: