जयपुर में ‘ग्लोबल नर्सिंग सम्मिट 2026’ शुरू, AI और रोबोटिक्स पर मंथन
शिक्षक दिवस पर आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने नर्सिंग शिक्षा में एआई, रोबोटिक्स और कैडर समीक्षा जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की।
जयपुर में आयोजित ग्लोबल नर्सिंग सम्मिट के दौरान समूह में खड़े प्रतिभागी और अतिथि।
जयपुर, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं आर एच हेल्थ केयर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग कॉन्फ्रेंस “ग्लोबल नर्सिंग सम्मिट 2026” का आगाज शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल केंद्र, झालाना डूंगरी में हुआ। “ट्रांसफॉर्मिंग नर्सिंग शेप थ्रू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इनोवेशन, रोबोटिक नर्सिंग, सिमुलेशन बेस्ड नर्सिंग एजुकेशन और इमर्जेंट नर्सिंग लीडरशिप” थीम पर आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम रविवार को सुबह दस बजे से शुरू होगा।
उद्घाटन सत्र में श्रीलंका से वरना कुलसरैया, इंडोनेशिया से जुबेदा रोहमावती, भूटान से मणिकला, राष्ट्रीय अध्यक्ष डा फारुख खान, बम्बई 2008 आतंकी हमले की नर्सेज हीरो अंजलि विजय कुलथे, अतिरिक्त निदेशक डी पी आर डा गोवर्धन शर्मा समेत कई नर्सेज साथी उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ राहुल शर्मा एवं आयोजन सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि शनिवार को नर्सिंग शोधकर्ताओं के 33 ऑफलाइन एवं 27 पेपर प्रेजेंटेशन तथा छः पोस्टर प्रेजेंटेशन हुए। इनका देश एवं विदेश के तेतीस एक्सपर्ट ज्यूरी कमिटी सदस्यों ने मूल्यांकन किया। गोल्डन पेपर प्रेजेंटेशन शिवराम वर्मा, सिल्वर पेपर प्रेजेंटेशन शकीला, गोल्डन पोस्टर प्रेजेंटेशन शत्रुधन पारीक और सिल्वर पोस्टर प्रेजेंटेशन शैलीन वर्गीस को प्रदान किया गया।
आयोजन समिति के संयोजक महेश शर्मा एवं सह संयोजक मनोज शर्मा, डा हेमलता शर्मा ने बताया कि साय 3 बजे से पांच बजे तक पैनल डिस्कशन का आयोजन रखा गया। इसमें नर्सिंग शिक्षा में उच्च शिक्षा में आने वाली चुनौतियां, नेशनल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी कमीशन कमिशन, नर्सिंग में रिक्रूटमेंट पॉलिसी, नर्सिंग कैडर रिव्यू, भविष्य में नर्सिंग का स्वरूप, विदेश एवं भारत की नर्सिंग सेवाओं का मूल्यांकन, दूरस्थ शिक्षा का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संबंध और बोर्ड से बोर्ड के बीच में नर्सिंग का गैप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल डिस्कशन सम्पन्न हुआ।
पैनल डिस्कशन में डॉ विमला कपूर, डॉ गीता देवी, डॉ लक्ष्मी देवी, डॉ राकेश नेहरा, डॉ वीरेंद्र चौधरी, डॉ हरिचंरण रावत, डॉ बाबूलाल यादव, डा मरिया थेरिश, स्नेहा शेहरावत, प्यारेलाल चौधरी, अशोक सपोटरा और पवन कुमार मीना ने भाग लिया। पैनल का मॉडरेशन शत्रुघ्न पारीक, महिपाल जेवालिया, राजपाल यादव, उमेश पाराशर एवं डॉ पवन ओझा ने किया। मंच संचालन डा अंकित गर्ग ने किया।
रविवार को प्रातः दस बजे से मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें एडिशनल मिशन निदेशक एनएचएम डा टी शुभमंगला, राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव सोनी, मंजू चूगानी, सुरेश शर्मा, सुखपाल कौर, डा सतीश अवस्थी, डा लव संपूर्णजोत कौर, डा रीटा देवी, डा आई क्लेमेंट और डा घनश्याम जांगिड़ सम्बोधित करेंगे। सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक नर्सिंग, सिमुलेशन बेस्ड नर्सिंग एजुकेशन और नर्सिंग लीडरशिप जैसे विषयों के साथ नर्सिंग शिक्षा एवं सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा केंद्र में रही।