तस्वीर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर में पार्टी कार्यालय में बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत द्वारा निकाय चुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सहित नेताओं के आने को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि अपने आप को राजनीति का खिलाड़ी और जादूगर कहने वाले व्यक्ति से इस तरह की नौसिखिया और बचकानी टिप्पणी की आशा नहीं थी।

जयपुर, 5 सितम्बर 2026। मदन राठौड़ ने कहा कि हर राजनीतिक दल की अपनी व्यवस्था होती है और भारतीय जनता पार्टी का अपना संगठनात्मक और राजनीतिक प्रबंधन है। उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस द्वारा जारी किए गए विजन पर जिस तरह लोगों की ठंडी प्रतिक्रिया हुई और लोगों ने सवाल उठाए, उससे कांग्रेस की खीझ सामने आ रही है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाकर जनता के अधिकार छीनने वाली और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने वाली कांग्रेस के नेता लोकतंत्र की बात करते हैं तो ऐसा लगता है कि ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’ वाली कहावत चरितार्थ हो रही है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता के बीच जाएं, उनसे संवाद करें और वहां रोड शो करें, इसमें अशोक गहलोत या कांग्रेस नेताओं को मानसिक तनाव क्यों है। उन्होंने कहा कि वे भी जाएं, उन्हें कौन रोकता है। लेकिन वे जानते हैं कि पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे उनके पाप आज भी उनका पीछा नहीं छोड़ते।

मदन राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा पहले तय कर लें कि उनके पास खुद का फीडबैक क्या है। उन्होंने कहा कि कल डोटासरा जीत का दावा कर रहे थे और आज अशोक गहलोत घबराहट दिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाना और खुद के हित में जनता का निर्णय आ जाए तो बल्लियां उछलना कांग्रेस का पुराना पेशा और खेल है। लोकतंत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान होता है और यदि उनके प्रति जनता में अविश्वास पैदा करने की कोशिश की जाती है तो यह अर्बन नक्सली सोच है, जो देश और समाज के लिए भयानक है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बरसों तक विपक्ष में रही, लेकिन उसने कभी लोकतांत्रिक संस्थाओं और वैधानिक संस्थाओं पर सवाल नहीं उठाए तथा जनता के निर्णय को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि जनता में भारतीय जनता पार्टी के प्रति साख और विश्वास बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार अपने पुराने काम को बता रही है, लेकिन यह जनता है, सब जानती है। काम किया होता, जनता के विश्वास पर खरे उतरे होते और कोई कमी नहीं होती तो जनता विधानसभा चुनाव में सत्ता से बाहर का रास्ता नहीं दिखाती।

मदन राठौड़ ने कांग्रेस के भीतर लोकतंत्र को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र कैसा है और उसका लोकतांत्रिक प्रक्रिया में कितना भरोसा है, यह बीकानेर में अपने ही एक दलित जिला अध्यक्ष की सरेआम होती पिटाई और महिला कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के विधायकों द्वारा ‘व्यक्तिगत मेरे लिए क्या किया’ जैसे सवाल के साथ दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत की सरकार होटल से चलती थी, यह जनता ने देखा है। उन्होंने कहा कि कैसे अपने ही नेता सचिन पायलट के प्रति ‘नाकारा’ और ‘निकम्मा’ जैसे स्तरहीन शब्दों का प्रयोग हुआ, यह जनता ने सुना है। इसलिए जनता में कांग्रेस के प्रति न साख है और न ही सम्मान।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास अपना फीडबैक आ गया है कि वे चुनाव में बुरी तरह हार रहे हैं। इसलिए चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की जीत को कैसे कमतर बताया जा सके, इसके लिए निम्न स्तर के बयान जारी किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में राजस्थान की भाजपा सरकार ने पिछले ढाई साल में 212489 पुराने आवासीय भवनों के पट्टे जारी किए हैं, वहीं इसी कालखंड में कांग्रेस ने 160000 के करीब पट्टे जारी किए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता में राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा किए गए लोक कल्याणकारी कार्यों के प्रति सकारात्मक माहौल है, जिसका परिणाम भारतीय जनता पार्टी की निकाय चुनाव में शानदार जीत के रूप में सामने आएगा।

Tags: