उदयपुर: पुलिस ने चलाया सघन अभियान, 221 हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर दबिश
आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई, फायरिंग और अवैध हथियार रखने के आरोपियों पर रखा गया मुख्य फोकस।
तस्वीर में पुलिस थाने परिसर में आरोपी जमीन पर बैठे हैं और पुलिसकर्मी खड़े हैं।
उदयपुर। राजस्थान पुलिस का अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है। DGP राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के अनुरूप उदयपुर पुलिस ने जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिलेभर में सघन चेकिंग एवं धरपकड़ महाअभियान चलाया। एक साथ हुई इस कार्रवाई में फायरिंग और अवैध हथियारों से जुड़े अपराधियों पर विशेष फोकस रखा गया।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के पूर्व चालानशुदा 42 आरोपियों की सघन चेकिंग की गई। इसके साथ ही पुलिस ने 221 हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर दस्तक दी और अचानक दबिश देकर उनकी गतिविधियों तथा संदिग्ध साधनों की जांच की। आपसी रंजिश में फायरिंग के 4 आरोपियों को भी पुलिस ने दबोचा।
पुलिस की कार्रवाई में 7 अन्य सक्रिय एवं चालानशुदा बदमाश भी रडार पर रहे। इनसे जुड़ी वर्तमान गतिविधियों और रोजगार संबंधी जानकारी जुटाई गई। वहीं थाना कुराबड़ पुलिस की कार्रवाई में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया।
अवैध हथियारों की तस्करी और उनके इस्तेमाल पर पुलिस ने पैनी नजर रखी। हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाने या हथियारों का प्रदर्शन करने वालों को भी चेतावनी दी गई। आदतन बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 129 के तहत पाबंद करने की कार्रवाई भी की गई।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, मुख्यालय मुकुल शर्मा और खेरवाड़ा रजत बिश्नोई के पर्यवेक्षण में की गई। वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने दो टूक कहा कि अपराध, अवैध हथियारों का संग्रहण, हथियारों का प्रदर्शन और शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।