साहस फाउंडेशन के ग्रैंडपेरेंट्स डे में 70 बुजुर्गों का सम्मान, भावुक हुआ समारोह
जयपुर के सोफिया स्कूल चर्च में साहस फाउंडेशन के ग्रैंडपेरेंट्स डे समारोह में 70 बुजुर्गों का सम्मान, जानें कार्यक्रम की खास बातें।
तस्वीर में जयपुर के चर्च हॉल में मंच पर मुख्य अतिथि, फादर और अन्य गणमान्य व्यक्ति सम्मानित होने वाले लोगों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।
जयपुर के सोफिया स्कूल चर्च में साहस फाउंडेशन द्वारा आयोजित ग्रैंडपेरेंट्स डे समारोह गरिमामय, भावनात्मक और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दादा-दादी एवं नाना-नानी के सम्मान के साथ परिवार, संस्कार और जीवन मूल्यों में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री ओ. पी. राजपुरोहित, पूर्व अधिकारी, दूरदर्शन ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी एवं नाना-नानी केवल परिवार के वरिष्ठ सदस्य नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं एवं जीवन मूल्यों के सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि उनका स्नेह, त्याग एवं आशीर्वाद आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।
कार्यक्रम में सिटी पैलेस ट्रस्ट की ट्रस्टी सुश्री रमा दत्त ने मुख्य वक्ता (Keynote Speaker) के रूप में अपने प्रेरक उद्बोधन में परिवार, संस्कारों एवं बुजुर्गों के सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बुजुर्गों के अनुभवों और उनके मार्गदर्शन को परिवार की महत्वपूर्ण ताकत बताया।
समारोह अध्यक्ष फादर एडवर्ड ओलिवेरा, पैरिश पादरी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों का सम्मान करें, उनके अनुभवों से सीखें तथा उनके आशीर्वाद को जीवन की सबसे बड़ी पूँजी मानें।
इस अवसर पर 70 दादा-दादी एवं नाना-नानी का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उनके चेहरों पर झलकती प्रसन्नता, आत्मीयता और जीवन अनुभवों की गरिमा ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की सफलता पर सभी आगंतुकों ने साहस फाउंडेशन और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से श्री डेंज़िल नज़ारेथ एवं सुश्री सैजल डिडवानिया के समर्पण और उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की गई, जिनके प्रयासों से यह आयोजन सफल एवं अविस्मरणीय बन सका।