जयपुर में 'रन फॉर यूनिटी': प्रल्हाद जोशी और भजनलाल शर्मा ने युवाओं को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित दौड़ को हरी झंडी दिखाई गई, सीएम ने राज्य में युवाओं के लिए रोजगार और खेल योजनाओं का ब्योरा दिया।
जयपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में सीएम भजनलाल शर्मा ने युवाओं को संबोधित किया।
जयपुर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में केंद्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलात मंत्री प्रल्हाद जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को एकता, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। दोनों नेताओं ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि आज देश जिस ‘एक भारत’ के स्वरूप को देख रहा है, उसके पीछे सरदार पटेल के कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम का ऐतिहासिक योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में साकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत का निर्माण किया। राजस्थान के निर्माण में भी उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ही 30 मार्च, 1949 को वृहद राजस्थान को साकार किया था। सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में गुजरात के केवड़िया में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई है। यह प्रतिमा राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और एकता के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का अवलोकन करने तथा सरदार पटेल के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता के बल पर देश को एक सूत्र में पिरोया था। हमारी भाषाएं और परंपराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन राष्ट्रीय पहचान एक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि सरदार पटेल के सपनों का सशक्त भारत युवाओं की भागीदारी से ही बन सकता है। इसी उद्देश्य से माय भारत जैसे मंचों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना ने युवाओं को नौकरी तलाशने वाले से नौकरी देने वाला बनाया है। वहीं, खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट के माध्यम से गांव-ढाणी की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहरा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नौजवान को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्तियां, आधुनिक खेल सुविधाएं और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रही है। युवा नीति, नई रोजगार नीति और राज्य कौशल नीति के जरिए युवाओं का भविष्य सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 410 परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाकर 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। इसके अलावा 1 लाख 18 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। साथ ही, 5 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। युवा संबल योजना के तहत 4 लाख लाभार्थियों को 1 हजार 643 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। एक जिला-एक खेल योजना और खेल जीवन बीमा योजना भी शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 ओलंपिक के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ‘मिशन ओलंपिक-2028’ शुरू किया गया है। इसके तहत 20 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्रों की स्थापना की गई है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात कर अनुशासन, सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
‘रन फॉर यूनिटी’ में कई पदक विजेता खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।