उदयपुरवाटी/चिराना। रामपुरा स्थित विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. राजेन्द्र कुमावत ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए बदलते मौसम में सावधानी बरतने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तार से बताया।

डॉ. कुमावत ने कहा कि नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, शारीरिक गतिविधियां और योग-प्राणायाम स्वस्थ जीवन के आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मौसमी फल-सब्जियों और ताजा भोजन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही कहा कि स्वस्थ रहने के लिए कोई भी दवा लेने से पहले अपनी दिनचर्या में सुधार करना जरूरी है।

स्वास्थ्य संबंधी चर्चा के बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रदीप कुमार ने प्रथम, कार्तिक ने द्वितीय और डेनिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को डॉ. कुमावत ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त अनीता गुर्जर को बेस्ट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. कुमावत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के ज्ञानवर्धक आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. राजेंद्र कुमावत का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामगोपाल शर्मा, भरत लाल शर्मा, श्रवण कुमार चंदेल, महेंद्र कुमार गुर्जर, नंदलाल बीवाल, रामस्वरूप चेजारा, श्यामलाल नायक, सुल्तान सैनी, सुनील गुर्जर, नेहा कुमारी, विनोद गोस्वामी, बबली सोनी, पूनम प्रजापत, मामराज हरिजन, राजेंद्र सैनी, कृष्ण कुमार बीवाल, सरिता कुमावत, अंजू कुमारी और भागीरथ मल गुर्जर सहित कई गणमान्य सदस्य एवं पूरा विद्यालय परिवार मौजूद रहा।

Tags: