ब्यावर में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियां तेज, चुनाव आयुक्त ने लिया जायजा
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने निमाज और बिराटियां खुर्द मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए।
ब्यावर में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे चुनाव आयुक्त राजेश्वर सिंह।
ब्यावर (प्रातःकाल संवाददाता)। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर के आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शनिवार को ब्यावर पहुंचकर आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान की सर्वाधिक मतदाता वाली निमाज ग्राम पंचायत सहित बिराटियां खुर्द के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, भयमुक्त एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
नवसृजित जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य तथा सरपंच-पंच के चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर की ओर से 3 व 5 नवंबर को तृतीय चरण तथा 14 व 16 नवंबर को चतुर्थ चरण में आयोजित किए जाएंगे। इन चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आयुक्त राजेश्वर सिंह ब्यावर पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमलराम मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक भागीरथ विश्नोई, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) ब्रह्मलाल जाट, निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) जयपाल सिंह राठौड़ तथा जैतारण उपखंड अधिकारी मनोज कुमार मीना मौजूद रहे।
आयुक्त सिंह ने अधिकारियों के साथ निमाज ग्राम पंचायत और बिराटियां खुर्द स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, भयमुक्त और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए।
आयुक्त के निरीक्षण और समीक्षा के दौरान आगामी दोनों चरणों के पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा हुई।