जयपुर में पेट रजिस्ट्रेशन अभियान तेज, बिना रजिस्ट्रेशन डॉग मिलने पर लगेगा ₹5000 जुर्माना
जयपुर में नगर निगम के मेगा पेट कार्निवल में दो हजार से अधिक डॉग्स का रजिस्ट्रेशन हुआ। एंटी रेबीज वैक्सीनेशन अभियान के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 30 सितंबर के बाद बिना पंजीकरण पेट मिलने पर ₹5000 तक जुर्माना लगेगा।
तस्वीर में जयपुर में आयोजित कैंप के दौरान काउंटर पर पालतू पशुओं के रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म भरवाते और कागजी कार्रवाई करते लोग दिखाई दे रहे हैं।
जयपुर में पालतू कुत्तों और बिल्लियों के एंटी रेबीज वैक्सीनेशन एवं रजिस्ट्रेशन के लिए नगर निगम जयपुर द्वारा शुरू किए गए एक दिवसीय मेगा अभियान में आमजन का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मेगा पेट कार्निवल के दौरान बड़ी संख्या में पेट ओनर्स अपने डॉग्स को लेकर पहुंचे और वैक्सीनेशन के साथ रजिस्ट्रेशन कराया। अब तक लगभग दो हजार से अधिक डॉग्स का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है।
नगर निगम जयपुर ने पालतू कुत्तों और बिल्लियों के लिए मेगा एंटी रेबीज वैक्सीनेशन एवं ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन अभियान की शुरुआत की थी। अभियान में पेट ओनर्स को रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। नगर निगम द्वारा रजिस्ट्रेशन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें डॉग का रजिस्ट्रेशन, सह संयोजक इंटरनेशनल डॉग बाज़ार द्वारा एंटी रेबीज वैक्सीनेशन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं शामिल हैं।
लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए नगर निगम ने अब ऑनलाइन पेट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू कर दी है। इसके तहत पेट ओनर्स घर बैठे अपने पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन के दौरान पेट की फोटो और अन्य आवश्यक जानकारी अपलोड करनी होगी। ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू हो चुकी है और नागरिक आसानी से अपने पालतू कुत्ते का पंजीकरण करा सकते हैं।
मेगा पेट कार्निवल के दौरान कई आकर्षण भी देखने को मिले। पॉफ़ी कैफ़े द्वारा एक अनूठी पहल के तहत 30 किलो वजन का डॉग पिज्जा तैयार कराया गया, जिसे मौके पर पहुंचे पेट और कम्युनिटी डॉग्स को खिलाया गया। कार्यक्रम में आमजन ने अपने पेट के लिए नाम के टैग भी बनवाए। वहीं मेगा पेट कार्निवल में पेट्स के लिए आइसक्रीम की व्यवस्था की गई और पेट ओनर्स को आकर्षक उपहार भी भेंट किए गए।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि यह विशेष अभियान राजधानी में पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन और एंटी रेबीज वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा आज से शुरू हो गई है, जिससे अधिक से अधिक नागरिक अपने पालतू पशुओं का आसानी से पंजीकरण करा सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्रेशन की सुविधा 30 सितंबर के बाद भी जारी रहेगी, लेकिन 30 सितंबर के बाद यदि कोई पालतू कुत्ता बिना रजिस्ट्रेशन के पाया जाता है तो उसके मालिक पर ₹5,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। गंभीर मामलों में नगर निगम संबंधित पालतू कुत्ते को अपने कब्जे में भी ले सकता है।
नगर निगम का कहना है कि अभियान का उद्देश्य पालतू पशुओं का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना, रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम करना और शहर में जिम्मेदार पेट ओनरशिप को बढ़ावा देना है। इस अभियान में इंटरनेशनल डॉग बाज़ार के संस्थापक वीरेन शर्मा और उनकी टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर निगम ने बताया कि 2 अगस्त को केवल ऑन-द-स्पॉट मेगा रजिस्ट्रेशन एवं वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया था। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अब ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से लगातार जारी रहेगी। ऑनलाइन पेट रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू हो चुकी है और इसके लिए कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं है।
यदि कोई व्यक्ति 30 सितंबर के बाद भी अपने पालतू कुत्ते का रजिस्ट्रेशन कराता है तो वह प्रक्रिया पूरी कर सकता है, लेकिन निरीक्षण के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन के पालतू कुत्ता मिलने पर ₹5,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम संबंधित पालतू कुत्ते को अपने कब्जे में भी ले सकता है। इसलिए नगर निगम ने पेट ओनर्स से समय पर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।