जयपुर में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

जयपुर जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। प्रशासन ने तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और 14 अगस्त विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस सहित कई आयोजनों की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Update: 2026-08-03 09:22 GMT

जयपुर जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत जनजागरूकता, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा।

जिला प्रशासन जयपुर की ओर से आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि अभियान के दौरान तिरंगा रैली, साइकिल एवं बाइक रैली, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम् एवं सामूहिक गायन, तिरंगा सजावट सहित राष्ट्रभक्ति आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत 9 अगस्त 2026 को ग्राम और वार्ड स्तर पर तिरंगा अभियान को लेकर जनजागरूकता गतिविधियों के साथ होगी। इस दिन तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी, अभियान की शपथ दिलाई जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों पर भजन एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

10 अगस्त 2026 को तिरंगा वितरण कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही घर-घर संपर्क कर प्रत्येक परिवार को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

11 अगस्त 2026 को विद्यालयों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष गतिविधियां भी होंगी।

12 अगस्त 2026 को बाइक एवं साइकिल तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

13 अगस्त 2026 को सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में तिरंगा सजावट अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज की आकर्षक सजावट की जाएगी।

14 अगस्त 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश की एकता और अखंडता पर आधारित संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान विभाजन की त्रासदी से प्रभावित लोगों के संघर्ष, बलिदान और साहस को स्मरण किया जाएगा। नई पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराने और सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में तिरंगा सजावट एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम होंगे। इस दौरान राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन तथा विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

16 अगस्त 2026 को अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं 17 अगस्त 2026 को हर घर तिरंगा अभियान का समापन समारोह होगा, जिसमें अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और सहभागियों का अभिनंदन किया जाएगा।

कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए नगर निगम जयपुर, नगर परिषद एवं नगरपालिकाएं, जिला परिषद जयपुर, स्थानीय निकाय विभाग, शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, पंचायत समितियां तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने और गतिविधियों की सूचना संबंधित पोर्टल www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।

Tags:    

Similar News