जयपुर उत्तर में पुलिस थानों का जनसुनवाई कार्यक्रम घोषित, DCP करेंगे समीक्षा
30 सितंबर से 23 दिसंबर तक दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित होंगी जनसुनवाई, मौके पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण का डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा।
जयपुर, 29 सितम्बर। आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं नागरिक-केंद्रित निराकरण के लिए जयपुर उत्तर जिले के पुलिस थानों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त परिवादों के त्वरित निस्तारण के साथ पूर्व में लंबित शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को शास्त्री नगर थाना में जनसुनवाई आयोजित हुई। आगामी जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत आमेर थाना में 30 सितम्बर 2026, कोतवाली थाना में 7 अक्टूबर, माणक चौक थाना में 14 अक्टूबर, रामगंज थाना में 21 अक्टूबर, विद्याधर नगर थाना में 28 अक्टूबर, ब्रह्मपुरी थाना में 4 नवम्बर, नाहरगढ़ थाना में 12 नवम्बर, सुभाष चौक थाना में 18 नवम्बर, गलतागेट थाना में 25 नवम्बर, भट्टा बस्ती थाना में 02 दिसम्बर, जयसिंहपुराखोर थाना में 9 दिसम्बर, संजय सर्किल थाना में 16 दिसम्बर तथा जालूपुरा थाना में 23 दिसम्बर 2026 को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
सभी जनसुनवाई दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगी। जनसुनवाई के दौरान परिवादियों के साथ सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि संबंधित पुलिस अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का विवरण रजिस्टर/डिजिटल रिकॉर्ड में संधारित करेंगे। साथ ही शिकायतों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी, जिससे प्राप्त परिवादों के निस्तारण की कार्रवाई की निगरानी सुनिश्चित हो सके।