बांसवाड़ा: 1.18 करोड़ की डकैती का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 97 लाख बरामद
गेमन पुल के पास कार रोककर वारदात को दिया गया था अंजाम, आंबापुरा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एस-क्रॉस और स्विफ्ट कार भी की जब्त।
तस्वीर में बांसवाड़ा पुलिसकर्मी थाने के बाहर बरामद नकदी के बक्सों के साथ खड़े हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-927ए स्थित गेमन पुल पर 18 सितंबर को हुई करीब 1.18 करोड़ रुपये की डकैती का बांसवाड़ा की आंबापुरा थाना पुलिस ने 9 दिन में खुलासा करते हुए लूटी गई रकम और वारदात से जुड़े सामान की बड़ी बरामदगी की है। पुलिस ने मामले में पूर्व में गिरफ्तार चार आरोपियों से पुलिस अभिरक्षा रिमांड के दौरान 97 लाख 12 हजार 250 रुपये नकद, लूटी गई मारुति एस-क्रॉस कार, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद मारुति स्विफ्ट कार, चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि थाना आंबापुरा क्षेत्र में हुई इस डकैती के बाद गठित विशेष टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के जरिए संदिग्धों को चिन्हित किया था। पुलिस ने 24 सितंबर को अजय डिण्डोर, मोहनलाल राणा, कन्हैयालाल उर्फ कानु और प्रकाश कटारा को गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायालय से पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की गई।
पुलिस अभिरक्षा रिमांड के दौरान आरोपियों से 97 लाख 12 हजार 250 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में लूटी गई मारुति एस-क्रॉस कार तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सफेद मारुति स्विफ्ट कार भी बरामद की गई।
आरोपियों के कब्जे से डकैती की रकम से खरीदे गए चांदी के दो जोड़ी पायजेब और एक कड़ा भी बरामद किया गया। साथ ही मोबाइल भी बरामद हुआ है। शेष माल-मशरूका की बरामदगी के लिए फरार आरोपियों की तलाश एवं अग्रिम अनुसंधान जारी है।
घटना के अनुसार 17 सितंबर की रात चालक और उसके साथी करीब 1.18 करोड़ रुपये लेकर रतलाम से बांसवाड़ा की ओर आ रहे थे। 18 सितंबर की रात गेमन पुल पार करने के बाद माता जी मंदिर के सामने हाईवे पर ट्रैक्टर आने से कार रुक गई। इसी दौरान पीछे से आई बिना नंबर की कार से बदमाश उतरे और लाठी व तलवार से हमला कर कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद दोनों को कार से बाहर निकालकर कार में रखी रकम और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
आंबापुरा थाना पुलिस की कार्रवाई में अब तक 97 लाख 12 हजार 250 रुपये नकद के साथ लूटी गई एस-क्रॉस कार, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद मारुति स्विफ्ट कार, चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद किए गए हैं। मामले में फरार आरोपियों की तलाश और शेष माल-मशरूका की बरामदगी के लिए अग्रिम अनुसंधान जारी है।