किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में इजरायली पर्यटक से अभद्रता, 4 आरोपी गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद अजमेर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर चार युवकों को गिरफ्तार किया, सख्त कानूनी कार्रवाई जारी।
तस्वीर में दिख रहे चार गिरफ्तार व्यक्ति गांधीनगर पुलिस थाना परिसर में खड़े हैं।
जयपुर, 29 सितंबर। अजमेर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में एक इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की। गांधीनगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर खास की सूचना के आधार पर घटना में शामिल चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर थाना पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक राजकुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित स्वतः संज्ञान लिया और प्रभावी कार्रवाई शुरू की। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में इजरायली महिला पर्यटक के साथ अश्लील भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया था।
विदेशी पर्यटक के साथ हुई इस अभद्रता को गंभीरता से लेते हुए अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल तथा सीओ किशनगढ़ श्री धर्मराज चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी गांधीनगर अनिल शर्मा के नेतृत्व में की गई।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि विशेष पुलिस टीम ने मुखबिर खास की सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर वारदात में शामिल चारों अज्ञात आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित दबिश देकर चारों आरोपियों मोहम्मद फुरखान (25), मोहम्मद अनीस (21), फरहान (24) और अख्तर अली (22), निवासी किशनगढ़, को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
अजमेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा, सम्मान और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।