तस्वीर में विश्वविद्यालय के अधिकारी सफाई मित्र को सुरक्षा किट और अंगवस्त्र प्रदान करते हुए दिख रहे हैं।

राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत “सफाई मित्र सुरक्षा शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय में कार्यरत सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें सुरक्षा किट प्रदान किए गए। इस दौरान कुल 58 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

यह आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से हुआ। कुलपति सफाई कर्मियों के कल्याण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रेरित करते रहे हैं। उनका कहना है, “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सभ्य समाज के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस महत्वपूर्ण कार्य में योगदान देने वाले हमारे सफाई मित्र विश्वविद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान की सुनिश्चितता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता कर्मियों का सम्मान वास्तव में स्वच्छता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सम्मान है।”


विश्वविद्यालय में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के नोडल अधिकारी ने बताया कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है और विश्वविद्यालय में निरंतर स्वच्छता का ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सभ्य समाज की प्राथमिक आवश्यकता है। इस प्रकार के स्वच्छता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलता है।

नोडल अधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने भी स्वतंत्रता से पूर्व स्वच्छता को विशेष महत्व दिया था और कहा था कि स्वच्छता एक सुदृढ़ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। सफाई मित्र अपनी जिम्मेदारी के साथ ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करते हैं, जिससे निरंतर स्वच्छता बनी रहती है।

ज्ञातव्य है कि आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” विषय के साथ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव अमरदीप शर्मा, विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य विज्ञान अंतर्विषयक स्कूल के अधिष्ठाता प्रो. सी.सी. मंडल, मानविकी एवं भाषा विज्ञान स्कूल के अधिष्ठाता प्रो. शीतल प्रसाद महेंद्रा, NSS के स्वयंसेवक सहित अनेक संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा किट वितरण के माध्यम से आयोजित यह शिविर स्वच्छता व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान को केंद्र में रखता है।

Tags: