जयपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: सतर्कता शाखा ने अवैध अतिक्रमण हटाकर 1 केन्टर सामान किया जब्त
जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने अवैध निर्माण और अस्थाई अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए 1 केन्टर सामान जब्त किया। जानिए किन क्षेत्रों में चला अभियान।
जयपुर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को शहर में अवैध निर्माण और अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 केन्टर सामान जब्त किया। यह कार्रवाई नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
कार्यालय नगर निगम जयपुर के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में पुरानी चुंगी से श्याम नगर कट तक, सांगानेर जोन के सामने तथा मालवीय नगर पालिका बाजार क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध निर्माण हटाने के साथ-साथ अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान पुरानी चुंगी से श्याम नगर कट तक और सांगानेर जोन के सामने अवैध निर्माण हटवाया गया, जबकि मालवीय नगर पालिका बाजार से अस्थाई अतिक्रमण भी हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान 1 केन्टर सामान जब्त कर उसे निगम के गोदाम में भिजवा दिया गया।
उन्होंने बताया कि सतर्कता टीम ने मौके पर अस्थाई अतिक्रमण करने वालों को समझाइश देते हुए पाबंद किया कि वे समय रहते अपना अस्थाई अतिक्रमण स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की यह कार्रवाई शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।