तस्वीर में दिख रहे हैं अजमेर में पुलिस हिरासत में पकड़े गए दो संदिग्ध नागरिक।

अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर अजमेर में रह रहे संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अजमेर जिला पुलिस की विशेष टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत टीम ने दरगाह इलाके से एक पुरुष और एक महिला सहित दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया है। यह विशेष टास्क फोर्स की 25वीं कार्रवाई है। अभियान के तहत अब तक अजमेर जिले में कुल 59 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है।

पुलिस मुख्यालय एवं अजमेर रेंज महानिरीक्षक डॉ. रवि के निर्देशानुसार अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों एवं अन्य घुसपैठियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में भी अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों एवं अन्य घुसपैठियों की पहचान और नियमानुसार कार्रवाई के लिए विशेष अभियान जारी है।

इसी क्रम में जिला पुलिस एवं सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र से सूचना संकलित की। इसके साथ ही तकनीकी साधनों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर अजमेर के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की गई।

तलाशी अभियान के दौरान टीम ने दरगाह इलाके से दो संदिग्धों को दस्तयाब किया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम हलीमा खातून और रबीउल इस्लाम बताए। पुलिस के अनुसार, दोनों पति-पत्नी हैं और उन्होंने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक होना बताया।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वे असम और कोलकाता में कुछ समय तक रुके और बाद में ट्रेन से अजमेर पहुंचे। दोनों अजमेर में खानाबदोश के रूप में जीवनयापन कर रहे थे।

अजमेर जिला पुलिस की विशेष टास्क फोर्स की यह 25वीं कार्रवाई है। अभियान के दौरान अब तक जिले में कुल 59 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है, जबकि इस कार्रवाई में दस्तयाब किए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Tags: