नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मतदान दिवस पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने सभी राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को बिना किसी दबाव, परेशानी अथवा बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी राजनीतिक दल एवं अभ्यर्थी निर्वाचन ड्यूटी में लगे अधिकारियों के साथ सहयोग करें और अपने अधिकृत कार्यकर्ताओं को उपयुक्त पहचान-पत्र उपलब्ध करवाएं। मतदाताओं को दी जाने वाली पहचान पर्चियां सादे सफेद कागज पर ही हों तथा उन पर किसी राजनीतिक दल, अभ्यर्थी अथवा चुनाव चिह्न का उल्लेख नहीं किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान दिवस और उससे पूर्व के 48 घंटों के दौरान किसी को शराब पेश अथवा वितरित नहीं की जाए। मतदान केन्द्रों के निकट लगाए गए कैम्पों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाए, ताकि विभिन्न दलों एवं अभ्यर्थियों के कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों के बीच तनाव अथवा संघर्ष की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को प्रतिद्वंद्वी दल के सदस्यों, नेताओं अथवा अन्य अभ्यर्थियों के पुतले लेकर चलने, उन्हें सार्वजनिक स्थान पर जलाने या ऐसे प्रदर्शनों का समर्थन करने से बचने के निर्देश भी दिए। मतदान दिवस पर वाहनों के संबंध में निर्धारित निर्वाचन नियमों का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों से परमिट प्राप्त करना होगा और वाहनों पर परमिट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना होगा।

उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र से 200 मीटर की परिधि में किसी भी स्थिति में चुनावी कैम्प नहीं लगाया जाए। वहीं, मतदान केन्द्र एवं उसकी 100 मीटर की परिधि में मतदाताओं से मतयाचना नहीं की जाए और न ही कार्यकर्ताओं को ऐसा करने दिया जाए।

निर्देशों के अनुसार अधिकृत परमिट वाले वाहनों में अभ्यर्थी, उनके परिवारजन एवं निर्वाचन एजेंट तथा उनके परिवार के सदस्यों के अतिरिक्त किसी अन्य मतदाता को नहीं बिठाया जाए। कार्यकर्ताओं को ऐसे मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने-ले जाने से भी पूर्णतः रोका जाए, जो उनके स्वयं के परिवारजन नहीं हैं। इसके साथ ही मतदाताओं का प्रतिरूपण अर्थात गलत नाम से मतदान करने का प्रयास नहीं किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने सभी राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। मतदान दिवस पर इन निर्देशों का पालन स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान व्यवस्था बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

Tags: