तस्वीर में जयपुर में निर्वाचन सामग्री के साथ मतदान दल के सदस्य रवानगी के लिए खड़े हैं।

जयपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 9 सितम्बर 2026 को प्रातः 7ः00 बजे से सांय 6ः00 बजे तक होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। प्रथम चरण में जयपुर जिले की नगर परिषदों एवं नगरपालिकाओं के 565 बूथों के लिए मतदान दलों की रवानगी श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड, जयपुर से की गई।

रवानगी स्थल पर मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षण और वाहनों की व्यवस्था की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित मतदान दलों को अलग-अलग पारियों में बुलाया गया। निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के बाद उन्हें अपने-अपने मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों के चुनावों का जो दायित्व सौंपा है, उसे निर्भीक एवं निष्पक्षता के साथ सुचारू रूप से संपन्न कराना है।

संदेश नायक ने सभी पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केन्द्र पर पहुंचते ही मतदान के लिए प्रस्तावित भवन का सूक्ष्मता से निरीक्षण करें और मॉडल मतदान केंद्र के ले-आउट के अनुसार मतदान केंद्र की स्थापना करें।

उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि बैलेट यूनिट एक मेज पर वोटिंग कंपार्टमेंट में रखी जाए। वोटिंग कंपार्टमेंट और कंट्रोल रूम के बीच पर्याप्त दूरी हो। कंट्रोल यूनिट से बैलेट यूनिट को जोड़ने वाली केबल मतदान के सुचारू संचालन में बाधा न बने, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कोई मतदाता मतदान कक्ष में केबल के साथ छेड़छाड़ का प्रयास न करे।

मतदान मशीन को मतदान केंद्र की खिड़की या दरवाजे के समीप नहीं रखने तथा मतदाताओं के लिए मतदान कक्ष में प्रवेश और निकास की पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रथम चरण के मतदान के लिए नगर परिषद शाहपुरा एवं चौमूं तथा 16 नगरपालिकाओं के मतदान दलों की रवानगी की गई। इनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, नारायणा, किशनगढ़-रेनवाल, बगरू, कालाडेरा, दूदू, चाकसू, फागी, वाटिका, कानोता एवं बस्सी शामिल हैं।

मतदान दलों की रवानगी के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार सहित मतदान दल से संबंधित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। इस प्रक्रिया के साथ प्रथम चरण के मतदान के लिए संबंधित मतदान दल अपने-अपने निर्धारित केन्द्रों पर पहुंचने के लिए रवाना हो गए।

Tags: