साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन 2026: ठगी रोकने को 35 टीमें बनाएंगी टूल
| फिशिंग, मनी ट्रेल और टेलीग्राम निगरानी के व्यावहारिक समाधानों से पुलिस जांच तेज होगी और उपयोगी टूल पूरे प्रदेश में लागू किए जाएंगे।
राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन 2026 के उद्घाटन समारोह में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा।
साइबर अपराधियों के बदलते तौर-तरीकों और ऑनलाइन ठगी की बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए राजस्थान पुलिस ने तकनीक के दम पर नई रणनीति तैयार करने की पहल की है। फिशिंग लिंक, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया और टेलीग्राम के जरिए होने वाले साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से शनिवार, 28 नवंबर को राजस्थान पुलिस अकादमी में दो दिवसीय ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026’ का शुभारंभ किया गया।
राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने किया। इस हैकाथॉन में देशभर से आई 35 टीमें साइबर अपराधों की जांच, रोकथाम और ठगी की रकम की रिकवरी को आसान बनाने के लिए तकनीकी समाधान विकसित करेंगी। प्रतिभागी लगातार 24 घंटे काम करते हुए ऐसे टूल और सिस्टम तैयार करेंगे, जिनसे पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होने के साथ आम नागरिकों को भी लाभ मिल सके।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के साथ युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपराधों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में धकेलने की घटनाएं भी गंभीर चुनौती बन रही हैं। राजस्थान पुलिस इन उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार के प्रोत्साहन और सहयोग से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस तंत्र को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी दिशा में प्रदेश में राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) के गठन की पहल की गई है। इससे साइबर अपराधों पर नियंत्रण के प्रयासों में काफी प्रगति हुई है और भविष्य में इन्हें और गति मिलेगी। हैकाथॉन के लिए चुनी गई पांचों समस्याएं बेहद प्रासंगिक हैं, क्योंकि इनका प्रभाव केवल पुलिस तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिक भी प्रतिदिन इन चुनौतियों का सामना करते हैं। देशभर से आए प्रतिभागियों की प्रतिभा, उत्साह और तकनीकी दक्षता से इन समस्याओं के व्यावहारिक समाधान मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतिभागी ऐसे तकनीकी समाधान विकसित करेंगे, जिनसे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
डीजीपी ने प्रतिभागियों से कहा कि उनके द्वारा विकसित किए जाने वाले समाधान केवल अकादमिक अभ्यास तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि वास्तविक पुलिसिंग में उपयोगी साबित होने चाहिए। तकनीकी समाधान सरल, व्यावहारिक और किफायती होने चाहिए, ताकि पुलिस के प्रत्येक स्तर का अधिकारी उन्हें आसानी से समझकर इस्तेमाल कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि हैकाथॉन में विकसित किसी समाधान की उपयोगिता प्रमाणित होने पर उसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित टीम और संस्थान के योगदान को भी पहचान दी जाएगी।
श्री शर्मा ने कहा कि हैकाथॉन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा और कौशल को बेहतर पुलिसिंग से जोड़ना भी है। राजस्थान पुलिस भविष्य में प्रतिभागियों को स्टार्टअप, नवाचार और अन्य तकनीकी अवसरों के माध्यम से सहयोग और मार्गदर्शन देने का प्रयास करेगी। उन्होंने प्रतिभागियों को आश्वस्त किया कि पुलिस के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना रहेगा और भविष्य में भी उनके विचारों तथा तकनीकी समाधानों का स्वागत किया जाएगा।
डीजी कानून एवं व्यवस्था श्री संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराध जैसी व्यापक चुनौती से निपटने के लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। राजस्थान पुलिस ने साइबर प्रशिक्षण, साइबर पुलिस थानों और साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर के माध्यम से अपनी क्षमताओं का विकास किया है। इसके साथ ही जनजागरूकता और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री वी.के. सिंह ने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तार्किक सोच और ईमानदारी से किए जाने वाले प्रयासों को अहम बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को समर्पण और रचनात्मकता के साथ समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हैकाथॉन के उद्देश्यों, साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए राजस्थान पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों और भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम श्री सुमित मेहरड़ा ने बताया कि हैकाथॉन में साइबर अपराध से जुड़ी पांच प्रमुख चुनौतियों को समाधान के लिए रखा गया है। इनमें स्कैम मैसेज और फिशिंग लिंक की पहचान, वित्तीय अपराधों एवं मनी ट्रेल का विश्लेषण, एआई आधारित सीडीआर-आईपीडीआर विश्लेषण प्रणाली, सोशल मीडिया एवं टेलीग्राम मॉनिटरिंग तथा एटीएम फुटेज का विश्लेषण शामिल है। इन सभी चुनौतियों पर टीमें ऐसे तकनीकी टूल और सिस्टम विकसित करेंगी, जिनसे पुलिस की जांच प्रक्रिया तेज और अधिक प्रभावी हो सके।
हैकाथॉन में हिस्सा लेने के लिए देशभर से 35 टीमें पहुंची हैं। इनमें जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा से संबंधित तकनीकी समाधानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें एआई आधारित साइबर सॉल्यूशन, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंस और डेटा एनालिसिस से जुड़ी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
समारोह में राजस्थान पुलिस और बैंकिंग सेक्टर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तकनीकी एवं साइबर विशेषज्ञ तथा विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी मौजूद रहे। 24 घंटे तक चलने वाले इस तकनीकी मंथन से साइबर अपराधों की जांच, रोकथाम और वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी रकम की रिकवरी के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित करने की दिशा में राजस्थान पुलिस को नई तकनीकी क्षमताएं मिलने की उम्मीद है।