उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच एएनटीएफ वाराणसी यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 लाख रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को की गई इस कार्रवाई में 310 ग्राम अवैध हेरोइन के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बुलेट मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, पैन कार्ड और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल की डिग्गी में हेरोइन रखकर चुनार कोतवाली क्षेत्र से गुजरने वाला है। वह इस मादक पदार्थ की सप्लाई करने की फिराक में था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एएनटीएफ वाराणसी यूनिट ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई और संदिग्ध को पकड़ने के लिए इलाके में घेराबंदी की।

एएनटीएफ यूनिट के प्रभारी उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह के नेतृत्व में आरक्षी शक्तिधर पांडेय और शिवांश राय तथा स्थानीय पुलिस के उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा और हेड कांस्टेबल आसिफ इकबाल खां ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने संदिग्ध को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 310 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 62 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, पैन कार्ड और 1,500 रुपये नकद भी मिले।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र के सराय टेकौरा निवासी गौतम साहनी पुत्र पंचम साहनी के रूप में हुई है। एएनटीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी दी। उसने बताया कि वह अपने एक अन्य सहयोगी के साथ गाजीपुर जिले से कम कीमत पर हेरोइन खरीदता था। इसके बाद मादक पदार्थ को थोक में और छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के गांवों तथा मोहल्लों में बेचा जाता था।

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर एएनटीएफ टीम अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में बरामदगी के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 310 ग्राम हेरोइन की बरामदगी और संगठित गिरोह के खुलासे के बाद अब जांच का केंद्र इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना है।

Tags: