बाराबंकी के माती क्षेत्र में टक्कर के बाद जले स्क्रैप ट्रक से चालक और परिचालक की मौत हुई, जांच जारी।  

बाराबंकी में शनिवार सुबह दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रक के केबिन में फंसे चालक और परिचालक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद केबिन में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना जिले के माती थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, स्क्रैप लादकर जा रहा एक ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा स्क्रैप सड़क पर बिखर गया। इसी दौरान ट्रक के केबिन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। उसमें सवार चालक और परिचालक अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। आग की चपेट में आने से दोनों के शव बुरी तरह झुलस गए। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और उनके नाम-पते की जानकारी जुटाई जा रही है।

माती थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वह स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे के कारण मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की। साथ ही दूसरे ट्रक और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद हुए इस हादसे में चालक और परिचालक की मौत के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों और दूसरे वाहन से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

Tags: