दीक्षांत समारोह नवजीवन का प्रवेश द्वार, AI के साथ नैतिकता भी जरूरी: राज्यपाल बागडे
| आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के छठे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य और नई शिक्षा नीति को व्यावहारिक रूप से लागू करने पर जोर दिया।
आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने नई शिक्षा नीति और कौशल पर बल दिया।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के नवजीवन का प्रवेश द्वार है। यह वह महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां विद्यार्थी अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र एवं समाज की उन्नति के लिए करने की जिम्मेदारी संभालने को तैयार होते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों से विद्यार्थियों को हुनरमंद बनाने के साथ उनकी बौद्धिक क्षमता के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शनिवार, 28 नवम्बर को आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के छठे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को केवल शैक्षणिक डिग्री तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों की क्षमताओं और कौशल को विकसित करने पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर निर्धारित 'विकसित भारत 2047' की संकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपने अर्जित तकनीकी ज्ञान का अधिकाधिक उपयोग राष्ट्र के विकास में करना चाहिए।
सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दायरा सभी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहा है। यह अच्छी बात है, लेकिन विद्यार्थियों को पूरी तरह इस तकनीक पर निर्भर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के साथ नैतिकता और मानवीय मूल्यों का समावेश जरूरी है। ऐसा होने पर ही 'सबका साथ, सबका विकास' की अवधारणा वास्तविक अर्थों में सफल हो सकेगी।
राज्यपाल ने ब्रिटिश शासनकाल में भारतीय शिक्षा व्यवस्था के पतन और लॉर्ड मैकाले द्वारा थोपी गई अंग्रेजी शिक्षा पद्धति को देश के विकास में बड़ी बाधा बताया। उन्होंने कहा कि भाषाई आधार पर देश को हमेशा के लिए गुलाम बनाए रखने की मानसिकता ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित किया।
उन्होंने विनोबा भावे के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विनोबा भावे का मानना था कि जिस दिन देश आजाद हुआ और हमारा झंडा बदला गया, उसी दिन देश की शिक्षा पद्धति भी बदल दी जानी चाहिए थी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। अब नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीयों को अपनी शिक्षा पद्धति और ज्ञान परंपरा का आलोक मिल रहा है। राज्यपाल ने सभी विश्वविद्यालयों से नई शिक्षा नीति को व्यावहारिक रूप में लागू करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को डिग्रियां और पदक प्रदान किए। उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल उपाधि प्राप्त करना नहीं, बल्कि अर्जित ज्ञान, तकनीकी दक्षता, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है।