अजमेर की रामगंज थाना पुलिस ने इस्लाम नगर में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुष्कर मेले में बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ अजमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है। वहीं, रामगंज थाना पुलिस ने चोरी की वारदात के महज एक घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का चोरी गया घरेलू सामान बरामद किया है। पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों में बाल संरक्षण और अपराध नियंत्रण को लेकर त्वरित कार्रवाई सामने आई है।

पुष्कर मेले में सड़कों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों से भीख मांग रहे 16 नाबालिग बच्चों को अजमेर पुलिस की मानव तस्करी विरोधी इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू किया। इनमें 6 बालक और 10 बालिकाएं शामिल हैं। बच्चों की उम्र 2 से 13 वर्ष के बीच है।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका कुमावत के सुपरविजन में संचालित उमंग VIII अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम का नेतृत्व मानव तस्करी विरोधी इकाई के प्रभारी नवीन गौड़ ने किया। रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति के आदेशानुसार उन्हें सुरक्षित रूप से शिशुगृह एवं बालिका गृह में भिजवाया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा भीख मांगता दिखाई दे तो उसे पैसे अथवा खाने-पीने की वस्तुएं न दें। इसके बजाय इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या मानव तस्करी विरोधी इकाई के मोबाइल नंबर 8058066525 पर दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

दूसरी ओर, अजमेर जिले के रामगंज थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज एक घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस्लाम नगर क्षेत्र में हुई इस नकबजनी में पुलिस ने गिरोह के सरगना और उसके साथी को पकड़कर उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी गया घरेलू सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड तथा पुलिस उप अधीक्षक दक्षिण नगर मनीष बड़गुर्जर के नेतृत्व में थानाधिकारी हरिपाल सिंह के निर्देशन में रामगंज थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

सोमवार 16 नवम्बर की रात इस्लाम नगर में ऑयल डिपो के पास स्थित एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। इस संबंध में इस्लाम नगर निवासी परिवादी मोईन अली की शिकायत पर रामगंज थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। परिवादी ने बताया कि मकान से कैमरा, इलेक्ट्रिक सामान, घड़ी, नल की टोटियां, गीजर, नट-बोल्ट, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, मोबाइल सहित अन्य घरेलू सामान चोरी हुआ है।

वारदात की सूचना मिलते ही रात्रि ड्यूटी अधिकारी सहायक उप निरीक्षक गिरधारी सिंह के नेतृत्व में पुलिस की दो अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने इस्लाम नगर क्षेत्र के संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ शुरू की। त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल अंश जिंदल (21) और उसके साथी आशीष शुक्ला (27), निवासी अलवर गेट, को पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी गया लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है। एक ओर पुष्कर मेले में बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ कार्रवाई कर 16 बच्चों को सुरक्षित संरक्षण दिलाया गया, वहीं दूसरी ओर रामगंज पुलिस ने चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Tags: