जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर कवि सम्मेलन का आयोजन, राज्यपाल ने किया शुभारंभ
| नगर निगम जयपुर के दो दिवसीय समारोह के पहले दिन बिरला ऑडिटोरियम में हरिओम पंवार और एहसान कुरैशी सहित देशभर के कवियों ने दी प्रस्तुति, मोती डूंगरी गणेश मंदिर में अर्पित किया गया निमंत्रण।
जयपुर। गुलाबी नगरी के 299वें स्थापना दिवस समारोह में मंगलवार को साहित्य और काव्य का रंग छाया रहा। बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित कवि सम्मेलन में देशभर से पहुंचे ख्यातनाम कवियों ने हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस की रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कभी हास्य-व्यंग्य की कविताओं ने सभागार को ठहाकों से गूंजाया तो कभी वीर रस और ओजपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम एवं वीरता का भाव जगाया। कवियों की प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम से पूर्व महापौर सुनील कोठारी एवं उपमहापौर सरोज कंवर ने पार्षदों के साथ मोती डूंगरी गणेश जी को स्थापना दिवस समारोह का निमंत्रण अर्पित किया। इस अवसर पर पार्षद प्रतिभा शर्मा, जयश्री गर्ग, कविता शर्मा, गिर्राज शर्मा, सुभाष संघी सहित अन्य पार्षद एवं आमजन उपस्थित रहे।
बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित कवि सम्मेलन का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, विधायक कालीचरण शर्मा, गोपाल शर्मा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कवि सम्मेलन में मेरठ के सुप्रसिद्ध वीर रस के कवि हरिओम पंवार, मुंबई के लोकप्रिय हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी, फरीदाबाद के दिनेश रघुवंशी, कोटा के सुरेश अलबेला, बाराबंकी के प्रियांशु गजेंद्र, उदयपुर के राव अजातशत्रु एवं चित्तौड़गढ़ की कवयित्री दीपिका माही ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संयोजन एकेश पार्थ ने किया।
कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, देशभक्ति, जीवन मूल्यों, समसामयिक विषयों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। हास्य-व्यंग्य की रचनाओं पर दर्शक खिलखिलाते रहे, वहीं ओज एवं वीर रस की कविताओं ने सभागार में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना दिया। कवियों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने जयपुर स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।
उल्लेखनीय है कि जयपुर के 299वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर निगम जयपुर की ओर से 17 एवं 18 नवम्बर को दो दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह की शुरुआत मंगलवार सुबह मोती डूंगरी गणेश मंदिर में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश को निमंत्रण अर्पित कर की गई। इसके साथ ही शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर शहनाई वादन के जरिए स्थापना दिवस का उत्सवी माहौल बनाया गया।
समारोह के दूसरे दिन बुधवार, 18 नवम्बर को सुबह 9:30 बजे गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन होगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही जयपुर स्थापना दिवस का उत्सव रोशनी और उल्लास के बीच मनाया जाएगा।