जयपुर हस्तशिल्प: 'कारीगर' पहल से 3200 से अधिक शिल्पकारों का दस्तावेजीकरण
जयपुर की पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई 'कारीगर' पहल के तहत अब तक 3,214 कारीगरों का डिजिटल दस्तावेजीकरण और जिओटैगिंग की जा चुकी है।
जयपुर के कृपाल कुंभ में रविवार को 'कारीगर' पहल के तहत आयोजित विशेष शिल्प प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ।
जयपुर की पारंपरिक हस्तशिल्प कलाओं को नई पहचान दिलाने और पीढ़ियों से अपने हुनर के जरिए सांस्कृतिक विरासत को संजो रहे कारीगरों को उचित मंच उपलब्ध कराने की दिशा में ‘कारीगर’ पहल के तहत महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस पहल के अंतर्गत अब तक जयपुर के 3,214 पारंपरिक कारीगरों का दस्तावेजीकरण और डिजिटल जिओटैगिंग की जा चुकी है। इसी क्रम में रविवार को जयपुर के बानी पार्क स्थित कृपाल कुंभ में ‘सीन एट लास्ट’ नाम से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें शहर के हुनरमंद कारीगरों की कला और पारंपरिक शिल्प तकनीकों को प्रदर्शित किया गया।
‘कारीगर’ पहल की शुरुआत जयपुर में पले-बढ़े तीन युवा सह-संस्थापकों तिरशिव ओहलान, समरवीर सिंह शेखावत और अनिका सिंह ने की। इसका उद्देश्य राजस्थान की पारंपरिक शिल्प कलाओं का संरक्षण करने के साथ उन कारीगरों को पहचान और मंच उपलब्ध कराना है, जिनके हुनर ने जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को विशिष्ट बनाया है। जयपुर की पहचान जहां ऐतिहासिक इमारतों और पर्यटन के लिए है, वहीं यहां की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा भी इसकी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके बावजूद इन कलाओं को जीवंत रखने वाले अनेक कारीगरों को अपेक्षित पहचान और मंच नहीं मिल पाता।
‘सीन एट लास्ट’ प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन डायरेक्टर, राजस्थान टूर मधुवंती सिंह ने किया। कार्यक्रम में जयपुराइट्स के साथ राजस्थान सरकार के समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष अर्चना शर्मा, सवाई मानसिंघ II म्यूजियम ट्रस्ट की डायरेक्टर रामा दत्त और फॉर्मर विधान सभा स्पीकर दीपेंद्र सिंह भी शामिल हुए।
कारीगर पहल के तहत अब तक जयपुर के 3,214 पारंपरिक कारीगरों का दस्तावेजीकरण किया जा चुका है। इसके साथ ही 10 पारंपरिक शिल्प कलाओं की तकनीक, इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को डिजिटल आर्काइव के रूप में संकलित किया गया है। इनमें ब्लॉक प्रिंटिंग, फ्रेस्को, ब्लू पॉटरी, मिनिएचर पेंटिंग, लाख, तारकशी, ठिकरी, बंधेज और नक्काशी की तकनीक शामिल हैं। इनमें से चार शिल्प तकनीकों को ‘सीन एट लास्ट’ प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया।
इस पहल के तहत राजस्थान का पहला जियोटैग्ड पारंपरिक कारीगर मानचित्र भी तैयार किया गया है। इसे राजस्थान के पर्यटन एवं वस्त्र मंत्रालय का सहयोग और विभिन्न शिल्प संगठनों का प्रोत्साहन प्राप्त है।
‘सीन एट लास्ट’ प्रदर्शनी के जरिए पारंपरिक कारीगरों की कला, उनके परिश्रम और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प विरासत को आम लोगों के सामने लाने का प्रयास किया गया। डिजिटल दस्तावेजीकरण, जिओटैगिंग और प्रदर्शनी के माध्यम से जयपुर की पारंपरिक शिल्प कलाओं तथा उनसे जुड़े कारीगरों को पहचान दिलाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है।